कश्मीर पर सर्जियो गोर के बयान से तिलमिलाया पाकिस्तान, अमेरिकी राजनयिक को किया तलब
भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की कश्मीर पर टिप्पणी से पाकिस्तान भड़क गया है।

अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बताया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर द्वारा बुधवार को जम्मू कश्मीर पर की गई टिप्पणी से पाकिस्तान तिलमिला गया है।
पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अमेरिकी 'चार्ज डी अफेयर्स' (कार्यवाहक राजदूत) को तलब किया और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की जम्मू-कश्मीर यात्रा के दौरान की गई टिप्पणियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद सर्जियो गोर ने कश्मीर को भारत का अहम हिस्सा बताया था।
अमेरिकी राजदूत ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर बुधवार को अपने पहले कश्मीर दौरे में सीएम उमर अब्दुल्ला से मुलाकात के बाद जम्मू-कश्मीर को भारत का अहम अंग बताया।
गोर ने कहा कि नई दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की सरकारों ने क्षेत्र को सुरक्षित बनाने की दिशा में विश्वसनीय कदम उठाए हैं।
370 हटाने के बाद राजदूत की पहली यात्रा
जम्मू-कश्मीर के पुनर्गठन और 370 हटाने के बाद किसी अमेरिकी राजदूत की अकेले तौर पर यह पहली कश्मीर यात्रा है। जनवरी 2020 में तत्कालीन अमेरिकी राजदूत केनेथ जस्टर करीब 15 अन्य देशों के राजदूतों व वरिष्ठ राजनयिकों के एक दल के साथ कश्मीर गये थे।
राजदूत की अब्दुल्ला के साथ मुलाकात
राजदूत ने अब्दुल्ला के साथ हुई मुलाकात को 'बहुत अच्छा' बताया। दोनों पक्षों ने आर्थिक सहयोग बढ़ाने और भारत व अमेरिका दोनों को लाभ पहुंचाने वाले नए अवसर सृजित करने के तरीकों पर विस्तृत चर्चा की। व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय विकास जैसे मुद्दों पर भी बातचीत हुई।
अब्दुल्ला ने कहा कि बातचीत मुख्य रूप से इस पर केंद्रित रही कि वाशिंगटन जम्मू-कश्मीर के लिए क्या सकारात्मक कदम उठा सकता है। उन्होंने कुछ पुराने मुद्दों का भी उल्लेख किया जिन पर ध्यान देने की आवश्यकता है।
अब्दुल्ला ने आगे कहा, 'हम इस बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं।' उन्हें पूरा भरोसा है कि आने वाले वर्षों में अमेरिका और जम्मू-कश्मीर के बीच जुड़ाव और मजबूत तथा गहरा होगा। दोनों पक्ष भविष्य में सहयोग बढ़ाने को लेकर आशावादी नजर आए।
