तालिबान से रिश्ते सुधारने में जुटा रूस, आतंकी सूची से बाहर निकालने का लिया फैसला
Russia रूस तालिबान से रिश्ते सुधारने में जुट गया है। इस दिशा में उसने बड़ा फैसला लेते हुए तालिबान को आतंकी सूची से बाहर निकालने का एलान किया है। हालांकि इसके लिए कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करना बाकी है। गौरतलब है कि फिलहाल किसी भी देश ने आधिकारिक रूप से तालिबान को अफगानिस्तान का वैध नेतृत्वकर्ता नहीं माना है।
रॉयटर्स, मॉस्को। रूस ने तालिबान को आतंकी सूची से बाहर निकालने का फैसला लिया है। रूसी विदेश मंत्री ने शुक्रवार को कहा कि यह एक उच्चस्तरीय फैसला है। हालांकि, इस निर्णय को मूर्त रूप देने के लिए कई कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करना बाकी है।
रूस ने तालिबान को वर्ष 2003 में इस सूची में शामिल किया था। इससे उसे बाहर करना तालिबान से रिश्ते को सुधारने में बड़ा कदम साबित होगा। पुतिन ने जुलाई में कहा था कि रूस तालिबान आंदोलन को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण मानता है।
संबंधों को आगे बढ़ा रह रूस
रूस अगस्त 2021 में अफगानिस्तान पर तालिबान की ओर से सत्ता पर कब्जा किए जाने के बाद से ही धीरे-धीरे संबंधों को बढ़ा रहा है। भले ही चीन और यूएई ने तालिबान के राजदूतों को स्वीकार कर लिया है, लेकिन किसी भी देश ने आधिकारिक रूप से तालिबान को अफगानिस्तान का वैध नेतृत्वकर्ता नहीं माना है।