विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रूस में यूक्रेन का भीषण हमला, दो लोगों की मौत और 17 घायल; ट्रेन सेवा पर असर

Published: Mon, 26 Oct 2026 01:02 PM (IST)

रूस के वोरोनिश क्षेत्र में यूक्रेन के भीषण ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 17 घायल हो गए, जिसमें एक बच्चा भी शामिल है।

रूस के वोरोनिश क्षेत्र में ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत। (फाइल फोटो)

रूस के वोरोनिश क्षेत्र में ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. वोरोनिश में यूक्रेन के ड्रोन हमले में 2 की मौत।

  2. हमले में 17 लोग घायल, 113 ड्रोन मार गिराए गए।

  3. यात्री ट्रेन क्षतिग्रस्त, वोरोनिश में रेल सेवा बाधित।

डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूस के वोरोनिश इलाके में ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई और एक बच्चे समेत 17 लोग घायल हो गए। वोरोनिश के गवर्नर अलेक्जेंडर गुसेव ने इस हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि रूसी वायु रक्षा प्रणालियों ने क्षेत्र में 113 ड्रोन मार गिराए हैं।

औद्योगिक परिसरों में लगी आग

गवर्नर अलेक्जेंडर गुसेव ने मैसेजिंग ऐप पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि रात भर चले हमलों के दौरान रूसी एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह सक्रिय रहा।

इलाके में 113 से अधिक ड्रोनों को नष्ट किया गया है। ड्रोन का मलबा गिरने और हमलों के कारण कई औद्योगिक क्षेत्रों में भीषण आग लग गई, जिस पर काबू पाने के लिए दमकल और आपातकालीन टीमें जुटी हुई हैं।

अनापा-मॉस्को पैसेंजर ट्रेन क्षतिग्रस्त

रूसी रेलवे के अनुसार, इस हमले की चपेट में एक यात्री ट्रेन भी आ गई। यह ट्रेन क्रास्नोडार क्षेत्र के मशहूर पर्यटन शहर अनापा से राजधानी मॉस्को जा रही थी।

हमले में ट्रेन को नुकसान पहुंचा है और उसमें सवार 5 यात्री घायल हुए हैं। सुरक्षा और ट्रैक की जांच के मद्देनजर वोरोनिश से होकर गुजरने वाले पूरे रेल नेटवर्क पर यात्री ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।

रूस-यूक्रेन सीमा के निकट स्थित वोरोनिश रणनीतिक और परिवहन के लिहाज से एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां हाल के महीनों में बुनियादी ढांचे और औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाकर कई हवाई हमले देखे गए हैं।

यह भी पढ़ें- रूस के बड़े पेट्रोकेमिकल कारखाने पर यूक्रेन का हमला, मॉस्को ने एक रात में 1297 ड्रोन मार गिराने का किया दावा