अदालत की सुनवाई छोड़ जेल के चेस क्लब पहुंचा नीरव मोदी; प्रत्यर्पण के डर के बीच दूसरी बार शरण मांगने की चर्चा
भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी लंदन की जेल में सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुआ। जेल अधिकारियों ने बताया कि वह सुनवाई के बजाय शतरंज क्लब में चला ...और पढ़ें

HighLights
नीरव मोदी लंदन जेल में अदालत की सुनवाई में नहीं आया।
वह सुनवाई के बजाय जेल के शतरंज क्लब में चला गया।
भारत प्रत्यर्पण के बीच राजनीतिक शरण के लिए आवेदन की अफवाह।
डिजिटल डेस्क, लंदन। लंदन की जेल में बंद भगोड़ा हीरा कारोबारी नीरव मोदी सुनवाई के दौरान अदालत में पेश नहीं हुआ। जेल अधिकारियों ने कोर्ट को बताया कि वह सुनवाई में शामिल होने के बजाय जेल के शतरंज क्लब में चला गया था।
उसकी ओर से पेश कानूनी टीम ने कहा कि चूंकि वे मामले की सुनवाई स्थगित करने का अनुरोध कर रहे थे, इसलिए उनके मुवक्किल का उपस्थित होना आवश्यक नहीं था। इस मामले में ट्राइडेंट ट्रस्ट कंपनी (सिंगापुर) प्राइवेट लिमिटेड वादी है, जो मध्य लंदन के मैरीलेबोन क्षेत्र में स्थित अपने अपार्टमेंट को बेचना चाहती है।
इस बीच, धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों का सामना करने के लिए उसके भारत प्रत्यर्पण की आशंका है, क्योंकि फ्रांस में यूरोपीय मानवाधिकार न्यायालय में उसकी अंतिम अपील भी असफल रही है।
हालांकि, द डेली टेलीग्राफ के पॉडकास्ट में शुक्रवार को दावा किया गया कि ऐसी अफवाहें हैं कि नीरव मोदी ने आखिरी कोशिश के तौर पर राजनीतिक शरण के लिए दूसरी बार आवेदन किया हो सकता है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)