विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लंदन की सड़कों पर दौड़ने लगी रोबोटैक्सी, गाड़ी में ड्राइवर हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा

Published: Fri, 04 Sep 2026 02:04 AM (IST)

लंदन की सड़कों पर सेल्फ ड्राइविंग टैक्सी (रोबोटैक्सी) सर्विस लांच हुई है। वेव की फोर्ड मस्टैंग मेक-ई रोबोटैक्सी मंगलवार को ...और पढ़ें

लंदन की सड़कों पर दौड़ने लगी रोबोटैक्सी (फोटो- सोशल मीडिया)

लंदन की सड़कों पर दौड़ने लगी रोबोटैक्सी (फोटो- सोशल मीडिया)

HighLights

  1. उबर के एप के जरिए सफर के लिए उपलब्ध होंगी उबर और वेव की 15 कारें

  2. बिना अतिरिक्त खर्च के फोर्ड मस्टैंग मेक-ई की सवारी कर सकेंगे यात्री 

न्यूयॉर्क टाइम्स, लंदन। लंदन की सड़कों पर सेल्फ ड्राइविंग टैक्सी (रोबोटैक्सी) सर्विस लांच हुई है। वेव की फोर्ड मस्टैंग मेक-ई रोबोटैक्सी मंगलवार को जब लंदन की सड़कों पर गुजरी तो स्टीयरिंग व्हील अपने-आप घूम रहा था और रोबोटैक्सी में ड्राइवर हाथ पर हाथ धरे बैठा रहा।

प्रेट्र के अनुसार ब्रिटेन की वेव टेक्नोलॉजीज और अमेरिकी मल्टीनेशनल कंपनी उबर ने गुरुवार को अपनी पहली सेल्फ-ड्राइविंग टैक्सी सर्विस शुरू कर दी। ब्रिटेन की परिवहन मंत्री हेइडी अलेक्जेंडर ने नई रोबोटैक्सी को लंदन में ट्रांसपोर्ट के भविष्य के लिए अहम पड़ाव बताया है।

उबर और वेव की 15 कारें उबर के एप के जरिए सफर के लिए उपलब्ध होंगी। इन कारों में ड्राइवर भी रहेगा जो जरूरत पड़ने पर टैक्सी का कंट्रोल अपने हाथ में ले सकेगा। भविष्य में बड़े पैमाने पर रोबोटैक्सी के इस्तेमाल को मंजूरी देने पर विचार किया जा रहा है।

सैन फ्रांसिस्को, बीजिंग और संयुक्त अरब अमीरात के अबूधाबी जैसे शहरों में बिना ड्राइवर की कार सामान्य बात है, लेकिन यूरोपीय शहरों में इन्हें अपनाने की रफ़्तार धीमी रही है, क्योंकि वहां नियम बहुत सख्त हैं।

ब्रिटेन की राजधानी में उबर एक्स, उबर इलेक्ट्रिक या उबर कंफर्ट बुक करने वाले यात्री बिना अतिरिक्त खर्च के वेव एआइ ड्राइवर वाली पूरी तरह से इलेक्ट्रिक फोर्ड मस्टैंग मेक-ई की सवारी कर सकेंगे।

रोबोटैक्सी कही जाने वाली इन गाड़ियों में चारों ओर सेंसर लगे होंगे और इन्हें एक ह्यूमन सेफ्टी ड्राइवर चलाएगा। यह ड्राइवर हर यात्रा पर नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर गाड़ी का कंट्रोल अपने हाथ में ले सकता है या ब्रेक लगा सकता है।

टेक कंपनी वेव के सीईओ एलेक्स केंडल ने कहा, ऑटोनॉमस ड्राइविंग टेक्नोलाजी शहर के बेहतरीन ट्रांसपोर्ट नेटवर्क को और बेहतर बनाएगी। हम इस बात को लेकर उत्साहित हैं कि लंदन के लोग सबसे पहले इसका अनुभव करेंगे, क्योंकि हम उबर के साथ इसे दुनियाभर में शुरू कर रहे हैं।

लंदन में रोबोटैक्सी बुक करना, उबर बुक करने जैसा ही होगा। जब कस्टमर टैक्सी बुक करेंगे और उस समय टेस्टिंग वाली कारों में से कोई कार उपलब्ध होगी, तो एप उनसे पूछेगा कि क्या वे लगभग उसी कीमत पर रोबोटैक्सी लेना चाहेंगे। अगर वे मना करते हैं, तो उबर ड्राइवर वाली कार भेजेगा।