Move to Jagran APP

UK Election Results 2024: ब्रिटेन में आज आ रहे चुनावी नतीजे, एग्जिट पोल में ऋषि सुनक को झटका; लेबर पार्टी को बहुमत

ब्रिटेन में चार जुलाई को करोड़ों मतदाताओं ने नई सरकार चुनने के लिए मतदान किया। आज चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। वहीं इस बार ब्रिटेन में राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है क्योंकि ओपिनियन पोल में कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी के सत्ता में आने की उम्मीद दिख रही हैं और ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ सकता है।

By Agency Edited By: Jeet Kumar Fri, 05 Jul 2024 06:58 AM (IST)
ब्रिटेन में आज आ रहे चुनावी नतीजे, एग्जिट पोल में ऋषि सुनक को झटका

रॉयटर, लंदन। ब्रिटेन में चार जुलाई को करोड़ों मतदाताओं ने नई सरकार चुनने के लिए मतदान किया। आज चुनाव के परिणाम आने वाले हैं। ब्रिटेन में नई सरकार के लिए वोटों की गिनती हो रही है। वहीं, इस बार ब्रिटेन में राजनीतिक बदलाव देखने को मिल सकता है क्योंकि ओपिनियन पोल में कीर स्टार्मर की लेबर पार्टी के सत्ता में आने की उम्मीद दिख रही हैं और ऋषि सुनक की कंजर्वेटिव पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ सकता है।

2019 में कंजर्वेटिव पार्टी 365 सीटों पर जीती थी

ब्रिटेन में 2019 में हुए आम चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी 365 सीटों पर जीती थी वहीं लेबर पार्टी ने 202 सीट जीती थीं। इससे पहले लेबर पार्टी के नेता कीर स्टर्मर ने मतदान की शुरुआत में ही वोट डाला। मतदान के लिए देश भर में 40,000 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने यार्कशायर में रिचमांड एंड नार्थलर्टन निर्वाचन क्षेत्र में मतदान किया।

आज ब्रिटेन नया अध्याय शुरू कर सकता है- स्टर्मर

मतदान के बाद स्टर्मर ने कहा' आज ब्रिटेन नया अध्याय शुरू कर सकता है।' उन्होंने कहा' हम कंजरवेटिव पार्टी को सरकार चलाने के लिए और पांच वर्ष का समय नहीं दे सकते हैं लेकिन बदलाव के लिए आपको लेबर पार्टी को वोट देना होगा।' लेबर पार्टी के नेता कीर स्टर्मर ने छह सप्ताह के चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लोगों से उनकी मध्य-वामपंथी पार्टी को मौका देने और बदलाव के लिए मतदान करने का आग्रह किया था।

विश्लेषकों और राजनेताओं सहित अधिकांश लोगों को उम्मीद है कि वे ऐसा करेंगे। लोगों में सुनक के प्रति कुछ नराजगी है, वे उनपर सभी वादों को पूरा न करने का आरोप लगाते हैं। हालांकि, सुनक ऐसा नहीं मानते। चुनाव में कंजरवेटिव व लेबर पार्टी के अलावा लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी, ग्रीन पार्टी व यूके रिफार्म पार्टी जैसे दल भी किस्मत आजमा रहे हैं। ब्रिटेन में अब तक हुए ओपिनियन पोल के अनुसार चुनाव में लेबर पार्टी बहुमत हासिल कर सकती है।

कंजर्वेटिव पार्टी इतिहास में सबसे कम सीटें मिल सकती हैं

वहीं कंजर्वेटिव पार्टी को उसके इतिहास में सबसे कम सीटें मिल सकती हैं। विश्लेषकों का मानना है कि मतदाता चुनाव में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं इसकी वजह से मतदान का प्रतिशत कम रह सकता है। कुछ हद तक मतदाता दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों कंजर्वेटिव और लेबर से निराश नजर आ रहे हैं। विश्लेषकों का यह भी कहना है कि चुनाव में लेबर पार्टी को बढ़त लोकप्रिय नीतियों की वजह से नहीं बल्कि कंजर्वेटिव पार्टी की आंतरिक कमजोरियों के कारण मिल रही है।