Nepal Protest News: नेपाल मेंं गदर काट रहे युवाओं के लिए Bihar Police ने की ऐसी तैयारी, जोगबनी बार्डर तक पहुंची आगजनी की आंच
Nepal Protest News बिहार के अररिया जोगबनी से सटे नेपाल के विराटनगर में कई जगहों पर आगजनी व तोड़फोड़ के बाद बिहार पुलिस हाई अलर्ट पर है। अररिया के डीएम और एसपी ने पूरे दिन सीमा क्षेत्र में चहलकदमी की। इस क्रम में जोगबनी सीमा से सटे नेपाल भंसार क्षेत्र को प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया। नेपाल आंदोलन के चलते जोगबनी बोर्डर पर बैरियर गिरा दिया गया है।

संवाद सूत्र, जोगबनी (अररिया)। Nepal Protest News नेपाल में जेन-जी के बैनर तले युवाओं का आंदोलन अब उग्र रूप धारण कर लिया है। इंटरनेट मीडिया से प्रतिबंध हटाने के बाद भी आंदोलन खत्म होने का नाम नहीं ले रहा। आन्दोलन की आंच भारत-नेपाल सीमा तक पहुंच गयी है। मंगलवार को आंदोलनकारियों ने भारत के जोगबनी बार्डर से सटे नेपाल भाग रानी भंसार कार्यालय के आसपास उग्र प्रदर्शन एवं आगजनी कर सरकारी कार्यालयों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
आंदोलनकारियों ने जगह-जगह आगजनी और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कई स्थानों पर पत्थरबाजी भी हुई। जोगबनी बोर्डर पर बैरियर के समीप असमाजिक तत्वों ने पथराव करने का प्रयास किया, लेकिन भारतीय सीमा पर तैनात एसएसबी जवानों ने सतर्कता दिखाते हुए तीन से चार लेयर की सुरक्षा घेराबंदी बना ली। वहीं जोगबनी पुलिस भी दलबल के साथ सीमा पर मौजूद रही।
इधर सुरक्षा कारणों से भारत-नेपाल बोर्डर के समीप ठेला-खोमचा लगाने वाले दुकानदारों को सौ मीटर तक हटा दिया गया है एवं अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है। आंदोलनकारियों ने नेपाल के रानी स्थित भंसार राजस्व वसूली गुमटी को आग के हवाले कर दिया। वहीं नेपाल सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और "हत्यारी सरकार को फांसी दो" जैसी उग्र मांगें रखीं। वही आंदोलनकारियों ने कई बाइक और सिटी रिक्शा को भी जोगबनी सीमा से सटे रानी में आग के हवाले कर दिया।
हालात बिगड़ते देख जोगबनी बोर्डर पर दोनों ओर के बैरियर गिरा दिए गए हैं और नेपाल-भारत के बीच यात्री वाहनों का आवागमन रोक दिया गया है। सीमा पर एसएसबी एवं पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है। नेपाल की बिगड़ते हालात से सीमावर्ती क्षेत्र के लोग डर-डर कर पैदल सीमा पार कर रहे हैं। स्थिति अभी तनावपूर्ण बनी हुई है और सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं।
स्थिति की नाजुकता को देखते हुए डीएम अनिल कुमार एवं एसपी अंजनी कुमार ने जोगबनी सीमा का जायजा लिया। डीएम अनिल कुमार ने मीडिया को बताया कि भारतीय सीमा पर एसएसबी के जितने भी पोस्ट और पुलिस थाना है, सभी जगह भ्रमण किया जा रहा है। चौकसी बरती जा रही है। किसी भी तरह के विधि व्यवस्था की बात अब तक हमलोगों के संज्ञान में नहीं आया है। सब लोग सजग हैं। अतिरिक्त फोर्स की तैनाती की गई है।
भारत सरकार के एडवाइजरी के आलोक में हमलोग कार्य कर रहे हैं। उसमें दूतावास के नंबर भी दिए गए हैं। नेपाल में जिन्हें किसी तरह की परेशानी होगी, वे नेपाल में भारतीय दूतावास से संपर्क कर सकते हैं। उम्मीद है स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगा।
नेपाल में युवाओं के उग्र प्रदर्शन का असर
नेपाल में युवाओं के उग्र प्रदर्शन का असर सोमवार से ही जोगबनी बाजार में दिख रहा है। आन्दोलन के कारण नेपाल से ग्राहकों के नहीं आने से मंगलवार को अधिकांश दुकानें बंद रहीं। इस संबंध में जोगबनी व्यापार संघ के उपाध्यक्ष मंटू भगत ने बताया कि जोगबनी बाजार अधिकांश रूप से नेपाल के ग्राहकों पर निर्भर है। ऐसे में नेपाल की तनावपूर्ण स्थिति का असर जोगबनी बाजार पर पड़ रहा है। नेपाल में आन्दोलन के कारण बाजार पूरी तरह से मंदा रहा।
नेपाल में आंदोलन के के कारण उधर से ग्राहकों के नहीं आने से अधिकांश दुकानें बंद रहीं। जोगबनी बाजार के व्यवसायी रितेश तापड़िया,सुमित केडिया,मनोज भगत,मासूम भाई, दिनेश साह आदि ने बताया कि नेपाल में युवाओं के आंदोलन का असर जोगबनी बाजार पर पूरी तरह दिख रहा है। आंदोलन के कारण नेपाल से ग्राहक भारतीय बाजार में नहीं आ पा रहे हैं। बाजार पूरी तरह मंदा चल रहा है। कई दुकानेंं तो बंद रह रही है।
इधर नेपाल में उग्र प्रदर्शन के कारण स्थिति काफी भयावह बनी हुई है। ट्रेन से आने वाले नेपाली नागरिक सीमा पर परेशान दिखे। वहीं नेपाल में फंसे भारतीय नागरिक छह किलोमीटर पैदल चल कर सीमा पर पहुंचने पर चैन की सांस ली। नेपाल से लौटे भारतीय नागरिक कोलकाता के नासीम सिद्धकी, साबिना खारुन, कटिहार से विनोद शर्मा ने बताया कि आंख का इलाज कराने नेपाल के विराटनगर गये थे। वहां की स्थिति काफी खराब है। किसी तरह गली कूची होकर पैदल जोगबनी तक आए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।