PM Modi और राहुल गांधी साथ-साथ... बिहार चुनाव के अखाड़े में आज दोनों लगाएंगे बड़ा 'दांव'
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच गुरुवार, 6 नवंबर को अररिया की धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी एकसाथ टकराएंगे। यहां देश के दोनों कद्दावर नेता चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की चुनावी सभा फारबिसगंज में सुबह 11 बजे निर्धारित है। वहीं राहुल गांधी अररिया शहर में जनसभा करेंगे।

Bihar Chunav: आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी अररिया की धरती पर एकसाथ टकराएंगे।
जागरण संवाददाता, अररिया। Bihar Chunav 2025, Bihar election 2025 बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के मतदान के बीच गुरुवार को अब से कुछ देर बाद अररिया में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी एकसाथ टकराएंगे। देश के दोनों कद्दावर नेता चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी की चुनावी सभा फारबिसगंज में सुबह 11 बजे निर्धारित है। जहां वे 9 विधानसभा क्षेत्रों के एनडीए प्रत्याशियों के लिए मतदाताओं से जीत का आशीर्वाद मांगेंगे। अररिया जिले की छह विधानसभा सीटों के लिए मतदान 11 नवंबर को होगा। चुनाव को लेकर एनडीए व महागठबंधन के नेताओं का ताबड़तोड़ दौरा शुरू हो गया है।
वहीं अररिया विधानसभा क्षेत्र के आजाद एकेडमी में दिन के दो बजे कांग्रेस उम्मीदवार आबिदुरहमान के समर्थन में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जनसभा को संबोधित करेंगे। इससे पहले वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में भी राहुल ने इसी मैदान पर सभा को संबोधित किया था। आजाद एकेडमी में मंच तैयार किया जा रहा है। सात नवंबर को राहुल गांधी फारबिसगंज विधानसभा क्षेत्र के द्विजदेनी मैदान में कांग्रेस प्रत्याशी मनोज विश्वास के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शाद अहमद ने बताया कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का छह नवंबर को अररिया विधानसभा क्षेत्र के आजाद एकेडमी में दिन के दो बजे कार्यक्रम निर्धारित है। सात नवंबर को फारबिसगंज के द्विजदेनी मैदान में चुनावी सभा को दिन में एक बजे संबोधित करेंगे। राहुल गांधी के अररिया आगमन पर कार्यक्रम को सफल बनाने में मासूम रेजा, शशिभूषण झा सहित जिले के कार्यकर्ता लगे हुए है।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर दिया आमंत्रण
फारबिसगंज (अररिया): फारबिसगंज के हवाईअड्डा मैदान में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मोदी की होने वाली चुनावी सभा के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को वार्ड संख्या 23, 24 और 25 में आमंत्रण अभियान चलाया। सूरत (गुजरात) के पूर्व महापौर डा. जगदीश पटेल की अगुवाई में कई प्रवासी एवं स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं की टोली घर घर पंहुचकर लोगों को पीएम मोदी के कार्यक्रम का निमंत्रण दिया।
भाजपा नेताओं ने 11 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की। कार्यकर्ताओं में पार्टी के सूरत (गुजरात) के उपाध्यक्ष रसिक पटेल, सुरत के ही शैलेश श्रीवास्तव, अजित सिंह, चंदन सिंह, रांची की पायल सोनी सहित प्रसेनजीत चौधरी, प्रमोद पासवान, पार्षद प्रतिनिधि अरुण निराला, गोपाल कुमार, नीलिमा साह, शिवानी सिंह, बबली देवी, शिवराम शर्मा, अनुपम साह, रोहित कुमार आदि शामिल थे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।