Bihar Politics: सिकटी में पहली बार VIP और BJP में आमने-सामने, दिलचस्प हुआ मुकाबला
सिकटी विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प है, जहां वीआईपी के हरिनारायण प्रामाणिक और भाजपा के विजय कुमार मंडल आमने-सामने हैं। महागठबंधन में सीट बंटवारे के बाद यह सीट वीआईपी के खाते में गई है। 2020 में भाजपा के विजय कुमार मंडल ने राजद के शत्रुघ्न प्रसाद सुमन को हराया था। पिछले चुनाव में यहाँ 59.4% मतदान हुआ था, जिसमें महिलाओं की भागीदारी अधिक थी।

सिकटी में पहली बार VIP और BJP में आमने-सामने, दिलचस्प हुआ मुकाबला
दीपक कुमार गुप्ता, सिकटी (अररिया)। इस बार सिकटी विधानसभा सीट वीआईपी के खाते में गई है। महागठबंधन में इस सीट के लिए अंत तक सस्पेंस बना रहा। अंतिम समय में यह सीट वीआईपी के खाते में गई। यहां से नामांकन के अंतिम दिन वीआईपी प्रत्याशी हरि नारायण प्रामाणिक ने नामांकन पर्चा दाखिल किया।
अब चुनावी पिच पर एक नए और एक पुराने अनुभवी खिलाड़ी आमने-सामने हैं। इसके अलावा जनसुराज, बसपा, आप सहित कई निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में ताल ठोक रहे हैं। भाजपा से पांच बार विधायक रहे मंत्री विजय कुमार मंडल चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में सिकटी से दो बार से लगातार विधायक रहे विजय कुमार मंडल के समक्ष अपनी साख बचाने की चुनौती होगी तो वीआईपी के लिए भी यह सीट जिले में एक नया प्रयोग होगा। जिस पर वह जीत सुनिश्चित करना चाहेगी।
सिकटी सीट के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। राजनीति की बिसात पर मोहरे सजा दिए गए हैं। राजनीतिक रसूख वाले दो दिग्गज आमने-सामने हैं। इस कड़ी में इस बार सिकटी विधानसभा चुनाव दिलचस्प हो गया है।
एनडीए से भाजपा का कमल थामे विजय कुमार मंडल चुनावी समर में हैं तो वहीं महागठबंधन की वीआईपी के टिकट पर हरि ना प्रामाणिक चुनावी पिच पर उतर चुके है। 2020 के चुनाव में यहां से भाजपा के विजय कुमार मंडल तो राजद से शत्रुघ्न प्रसाद सुमन चुनाव मैदान में थे।
यह पहले पलासी विधानसभा था। 1977 में नया सिकटी विधानसभा बना। इसके बाद हुए 11 विधानसभा चुनावों में भाजपा ने चार बार, कांग्रेस ने तीन बार, निर्दलीय दो बार और जनता दल तथा जदयू ने एक-एक बार जीत हासिल की।
इस सीट पर मोहम्मद अजीमुद्दीन का लंबे समय तक दबदबा रहा। उन्होंने 1962, 1967, 1969, 1977 और 1990 में चुनाव जीतकर पलासी और फिर सिकटी के पहले विधायक बने। 2010 से सिकटी सीट भाजपा के कब्जे में है।
आनंदी प्रसाद यादव ने 2010 में जीत हासिल की। उसके बाद विजय कुमार मंडल 2015 और 2020 में लगातार जीत दर्ज कर यहां से फिलहाल सिटिंग विधायक और बिहार सरकार के मंत्री भी हैं। 2020 में विजय कुमार मंडल ने राजद के शत्रुघ्न प्रसाद सुमन को 13,610 वोटों से हराया था।
2020 में 59.4 प्रतिशत हुआ था मतदान
2020 के सिकटी विधानसभा चुनाव में यहां से एक लाख 71 हजार 189 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था, जो 59.4 प्रतिशत था। जिसमें 92,586 महिला मतदाता और 78,603 पुरुष मतदाता शामिल थे। जिसमें महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाता को पीछे छोड़ 67.6 फीसद वोटिंग दर्ज की, जबकि पुरुष वोटर का मतदान प्रतिशत 52 फीसद दर्ज किया गया था।
वहीं इस विधानसभा में शामिल कुर्साकांटा, सिकटी और पलासी की बात करें तो सिकटी में 58.3 प्रतिशत, कुर्साकांटा में 64.5 प्रतिशत तथा पलासी में 54.6 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। अब देखना दिलचस्प होगा कि इस बार मतदाताओं का क्या रूख रहता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।