औरंगाबाद में आंधी का कहर: घर पर गिरा पीपल का पेड़, दबने से महिला की मौत; 4 घायल
बिहार के औरंगाबाद में बुधवार रात आई तेज आंधी से भारी तबाही हुई। एक विशाल पीपल का पेड़ घर पर गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई और दो बच्चे घायल हो ...और पढ़ें

घर पर गिरा पीपल का पेड़। फोटो जागरण
HighLights
औरंगाबाद में तेज आंधी से भारी तबाही हुई।
घर पर पीपल का पेड़ गिरने से महिला की मौत।
आंधी की चपेट में आकर कई लोग घायल हुए।
जागरण संवाददाता, औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद में बुधवार की रात आई तेज आंधी ने जिले में भारी तबाही मचाई है। फेसर थाना क्षेत्र के सीपू डिहरी गांव में एक विशाल पीपल का पेड़ मकान पर गिरने से 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई।
घर में रहे दो बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने बताया कि महावीर साव की पत्नी श्रद्धा देवी की मौत हुई है। घायल बच्चे महिला के पोते बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार श्रद्धा देवी घर के बाहर काम कर रही थी कि तेज आंधी शुरू होने पर वह बचने के लिए घर के अंदर चली गईं। तभी घर के समीप स्थित वर्षों पुराना विशाल पीपल का पेड़ जड़ समेत उखड़कर मकान पर गिर पड़ा।
पेड़ गिरने से मकान क्षतिग्रस्त हो गया और महिला उसके नीचे दब गईं। स्वजनों ने मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला और इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बेटे को आई गंभीर चोटें
उसके पुत्र पिंटू साव और उनके तीन बच्चों पंचम, परी एवं खुशबू को गंभीर चोटे आई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। उधर, जम्होर थाना क्षेत्र के पड़रावां गांव में तेज आंधी के दौरान घर में लगा करकट उड़कर गिर गया, जिससे अर्जुन साव और उनका पुत्र राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों ने बताया कि आंधी के दौरान दोनों करकट को संभालने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन तेज हवा के कारण करकट उनके ऊपर गिर पड़ा। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया।
उधर, अंबा थाना क्षेत्र के तेंदुआ गांव में आंधी के कारण उड़े करकट की चपेट में आने से सुनील यादव के पुत्र सूरज कुमार घायल हो गए। उनके चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। तेज आंधी में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।