Banka News: बेटिकट हुए माननीयों पर सभी की टिकी नजर, चार सीटों पर नए चेहरों पर दांव
बांका जिले में विधानसभा चुनाव के लिए कई राजनीतिक दलों ने नए चेहरों पर दांव लगाया है, जिससे कई दिग्गज नेता हाशिये पर आ गए हैं। पूर्व मंत्री डॉ. जावेद इकबाल अंसारी, विधायक भूदेव चौधरी, डॉ. निक्की हेंब्रम और रामदेव यादव जैसे नेताओं पर सबकी निगाहें टिकी हैं। दलों के इस फैसले से राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज है कि ये नेता आगे क्या रुख अपनाएंगे।

बेटिकट हुए माननीयों पर सभी की टिकी नजर, चार सीटों पर नए चेहरों पर दांव
बिजेन्द्र कुमार राजबंधु, बांका। विधानसभा चुनाव में जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों में चार पर नए चेहरे पर दलों ने दांव लगाया है। इस कारण चुनाव में बेटिकट हुए कई दिग्गज नेताओं पर सबकी निगाहें टिक गई हैं। पूर्व मंत्री डॉ. जावेद इकबाल अंसारी, धोरैया के राजद विधायक भूदेव चौधरी, कटोरिया की भाजपा विधायक डॉ. निक्की हेंब्रम और बेलहर के पूर्व विधायक रामदेव यादव के नाम इस सूची में हैं। चारों सीटों में बांका, धोरैया, कटोरिया एवं बेलहर विधान सभा क्षेत्र में दलों ने नये चेहरों पर भरोसा जताया है।
इन नेताओं में भूदेव चौधरी तीन बार विधायक और एक बार सांसद रह चुके हैं, जबकि डॉ. जावेद इकबाल दो बार मंत्री और एमएलसी रह चुके हैं। दोनों की अगली राजनीतिक भूमिका को लेकर चर्चाएं तेज हैं। वैसे डॉ. निक्की हेंब्रम ने बताया कि वे गृह मंत्री अमित शाह से मिली हैं और पार्टी ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देने के संकेत दिए हैं।
दरअसल, चुनाव में तीन सीटों पर महागठबंधन व एक पर एनडीए ने उम्मीदवार बदला है। इस कारण ऐसे नेताओं की अगली चाल पर सभी की निगाहे हैं। सोमवार को बांका, कटोरिया एवं धोरैया विधानसभा सीट से महागठबंधन के प्रत्याशियों के नामांकन से ये सभी दिग्गज गायब थे। यहां तक राजद के वरीय नेता मु. जुम्मन बांका एवं महासचिव मिठन यादव ने बेलहर से निर्दलीय नामांकन कर दिया।
चुनाव में सुरक्षित सीट धोरैया से वर्तमान विधायक भूदेव चौधरी की जाति की कम आबादी को लेकर टिकट काटने की चर्चा है। यहां से महादलित समुदाय से आनेवाले पूर्व विधायक नरेश दास के पुत्र त्रिभुवन दास को राजद ने उम्मीदवार बनाया है। इसी प्रकार बांका से तीन दशक से भाजपा-व राजद की टक्कर होते रही है। तीन बार डॉ. जावेद ने प्रतिनिधित्व किया है।
पिछले चुनाव में भाजपा के रामनारायण मंडल से 17 हजार मतों से डॉ. जावेद पराजित हुए थे। पार्टी ने इस बार यह सीट भाकपा को दी है। भाकपा से पूर्व विधान पार्षद संजय कुमार ने नामांकन कराया है। सुरक्षित सीट कटोरिया से महागठबंधन ने राजद की पूर्व विधायक स्वीटी सीमा हेंब्रम को उम्मीदवार बनाया है। यहां एनडीए ने भाजपा की वर्तमान विधायक डॉ. निक्की हेंब्रम को टिकट से बेदखल कर नया चेहरा पुरनलाल टुडू को बनाया है।
पुरनलाल के नामांकन से भी डॉ. निक्की गायब थीं। बेलहर से राजद उम्मीदवार चाणक्य प्रकाश रंजन के नामांकन से पूर्व विधायक रामदेव यादव नदारद रहे। इस संबंध में रामदेव ने पूछने पर नो कमेंट कहकर पल्ला झाड़ लिया। वैसे, नाराज नेता चुनाव में क्या गुल खिलाएंगे, यह तो समय ही बताएगा। उक्त नेताओं पर सभी की नजरें टिकी हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।