Bihar Election: 'बिहार में 2005 से अब तक कानून का राज', बांका में बोले सीएम नीतीश कुमार
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बांका में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए युवाओं को रोजगार देने का वादा किया। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने पिछली सरकार पर तंज कसते हुए विकास कार्यों और महिला सशक्तिकरण की योजनाओं का भी उल्लेख किया। बांका में गंगा के पानी को हनुमाना डैम तक पहुंचाने की बात भी कही।
-1762164060111.webp)
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, बांका। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को धोरैया और अमरपुर विधानसभा में चुनावी सभा को संबोधित किया। धोरैया के रजौन प्रखंड कार्यालय मैदान में जदयू प्रत्याशी मनीष कुमार के लिए उन्होंने वोट मांगा।
उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी मिलेगी, जबकि पिछले पांच साल में 10 लाख युवाओं को नौकरी और 40 लाख युवाओं को रोजगार दिया जा चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2005 से अब तक कानून का राज है। हम लोग विकास में लगे हुए हैं। राजद की सरकार पर तंज करते हुए कहा कि यह तो आप लोग भी जानते हैं कि पहले क्या होता था। लोग शाम के बाद घर से निकलने में भी परहेज करते थे।
बीएससी से शिक्षकों की बहाली से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, रोड बिजली सहित अन्य विकास कार्यों की उन्होंने चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय पार्ट 2 के तहत भी बेहतर काम हो रहे हैं। हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी से लेकर गांव की गलियों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाई जा रही है।
महिला सशक्तिकरण का जिक्र करते हुए कहा कि पंचायती राज और नगर निकाय में उन्होंने 50 फीसद आरक्षण, जबकि सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 35 फीसद आरक्षण की व्यवस्था की। इच्छुक लोगों के घर पर सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं।
स्वरोजगार के लिए अब तक एक करोड़ 21 लाख महिलाओं को 10 -10 हजार की राशि भेजी जा चुकी है। बांका जिला के संबंध में उन्होंने कहा कि गंगा के पानी को हनुमाना डैम तक पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा यहां पर औद्योगिक क्षेत्र के विकास से लेकर मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति की भी मुख्यमंत्री ने चर्चा की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।