Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर–पूर्णिया बस किराया 154 रुपये, मुंगेर 109, बांका 87, देवघर 196; Rs 1.8/Km बढ़ा भाड़ा, खगड़िया-कटिहार का सफर आसान

    Updated: Sun, 31 May 2026 09:13 PM (IST)

    भागलपुर परिवहन प्रमंडल ने सरकारी बसों का नया किराया जारी किया है, जो आज से पूरे जिले में लागू हो गया है। डीजल की बढ़ती कीमतों और परिचालन लागत के कारण ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    भागलपुर में सरकारी बसों का सफर हुआ महंगा, आज से लागू हुई नई किराया दरें

    HighLights

    1. सरकारी बसों का किराया आज से बढ़ा।

    2. डीजल मूल्य वृद्धि के कारण किराया संशोधन।

    3. भागलपुर से पूर्णिया, बांका, देवघर महंगा।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। सरकारी बसों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अब जेब ज्यादा ढीली करनी होगी। परिवहन विभाग के निर्देश पर भागलपुर परिवहन प्रमंडल ने नई किराया सूची जारी कर दी है, जो आज से पूरे जिले में लागू हो गई है। नई दरों के लागू होने के बाद कई रूटों पर सफर महंगा हो गया है।

    नई दरों के अनुसार भागलपुर से पूर्णिया जाने का किराया 126 रुपये से बढ़कर 154 रुपये कर दिया गया है। वहीं नवगछिया से पूर्णिया का किराया 109 रुपये और भागलपुर से बांका का किराया 87 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह अन्य रूटों पर भी किराया संशोधित किया गया है।

    साधारण और डीलक्स दोनों बसों के किराए में बढ़ोतरी

    परिवहन विभाग ने साधारण और डीलक्स दोनों श्रेणी की बसों के किराए में वृद्धि की है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2021 के बाद पहली बार बस किराया संशोधित किया गया है।

    विभाग का कहना है कि डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी, वाहनों के रखरखाव खर्च, स्पेयर पार्ट्स की कीमत और अन्य परिचालन लागत में वृद्धि के कारण किराया संशोधन आवश्यक हो गया था।

    नई दरों के तहत साधारण बसों में 50 किलोमीटर तक की दूरी के लिए किराया 1.50 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़ाकर 1.73 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है। वहीं 250 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा के लिए अब 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर की दर लागू होगी।

    खबरें और भी

    डीलक्स बसों के किराए में भी बदलाव किया गया है। पहले यह दर 1.87 रुपये प्रति किलोमीटर थी, जिसे बढ़ाकर 1.96 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है।

    सभी डिपो और बस स्टैंडों को भेजी गई नई सूची

    भागलपुर परिवहन प्रमंडल के यात्री प्रबंधक पवन शांडिल्य ने बताया कि नई किराया दरें एक जून से प्रभावी हो गई हैं। इसके लिए विभागीय स्तर से आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

    उन्होंने कहा कि डीजल और अन्य खर्चों में बढ़ोतरी को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि बस सेवाओं का संचालन सुचारू रूप से जारी रखा जा सके। क्षेत्रीय प्रबंधक अमित कुमार ने बताया कि नई दरों की जानकारी सभी डिपो और बस स्टैंडों को भेज दी गई है।

    बसों में चस्पा होगी नई किराया सूची

    परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जल्द ही सभी बसों में नई किराया सूची चस्पा कर दी जाएगी, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके। साथ ही टिकट जारी करने वाली इलेक्ट्रॉनिक मशीनों में भी नई दरें फीड की जा रही हैं।

    विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि यात्रियों से केवल निर्धारित दर के अनुसार ही किराया लिया जाए, किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    कई प्रमुख रूटों पर बढ़ा किराया

    नई दरों के लागू होने के बाद कई प्रमुख रूटों पर किराया बढ़ गया है। इनमें भागलपुर से पूर्णिया, नवगछिया से पूर्णिया, भागलपुर से बांका, भागलपुर से देवघर, मुंगेर, कटिहार, खगड़िया सहित अन्य मार्ग शामिल हैं।

    यात्रियों पर इसका सीधा असर देखने को मिलेगा, खासकर दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी तय करने वालों को अब पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ेगा।

    यात्रियों पर बढ़ा बोझ, मिली-जुली प्रतिक्रिया

    किराया वृद्धि को लेकर यात्रियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है। कुछ लोगों का कहना है कि बढ़ती लागत को देखते हुए यह कदम जरूरी था, वहीं कई यात्रियों ने इसे आम जनता पर अतिरिक्त बोझ बताया है।

    फिलहाल नई दरें लागू हो चुकी हैं और सभी बस स्टैंडों पर इसकी निगरानी की जा रही है, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।