Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    Bhagalpur E-Bus Service : भागलपुर में जुलाई से दौड़ेंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें, रूट और सुविधाओं के बारे में आप जान लें

    Updated: Sun, 21 Jun 2026 06:46 PM (IST)

    भागलपुर में जुलाई से 25 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर दौड़ेंगी, जिससे सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था आधुनिक होगी। इन बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और ...और पढ़ें

    भागलपुर को बड़ी सौगात : जुलाई से सड़कों पर उतरेंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें, रूट चार्ट तैयार।

    भागलपुर को बड़ी सौगात : जुलाई से सड़कों पर उतरेंगी 25 इलेक्ट्रिक बसें, रूट चार्ट तैयार।

    HighLights

    1. जुलाई से भागलपुर में 25 इलेक्ट्रिक बसों का परिचालन शुरू होगा।

    2. तिलकामांझी में चार्जिंग स्टेशन, बसें डेढ़ घंटे में फुल चार्ज।

    3. AC, CCTV, GPS, पैनिक बटन जैसी आधुनिक सुविधाएं यात्रियों को मिलेंगी।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था जल्द ही नए और आधुनिक स्वरूप में नजर आएगी। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जुलाई महीने से भागलपुर की सड़कों पर 25 अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बसों (E-Buses) का परिचालन शुरू होने जा रहा है। परिवहन निगम ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है।

    भागलपुर प्रमंडल को मिलेंगी 25 आधुनिक ई-बसें

    बिहार राज्य पथ परिवहन निगम से मिली जानकारी के मुताबिक, भागलपुर परिवहन प्रमंडल को कुल 50 बसों का कोटा मिला है, जिसमें से पहले चरण में 25 बसों का आवंटन किया जा रहा है। ये सभी बसें 35 से 42 सीटों वाली होंगी, जिससे यात्रियों को आरामदायक सफर का अहसास होगा।

    तिलकामांझी बस स्टैंड में बन रहा चार्जिंग स्टेशन

    ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए तिलकामांझी सरकारी बस स्टैंड परिसर स्थित ऑटो स्टैंड के पास एक अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का निर्माण युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। इसके चालू होने से बसों को चार्ज करने में कोई परेशानी नहीं होगी।

    मात्र डेढ़ घंटे में फुल चार्ज हो जाएंगी बसें

    निगम की ओर से सिर्फ भागलपुर ही नहीं, बल्कि सुल्तानगंज, बांका, जमुई और मुंगेर में भी नए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। प्रत्येक बस डिपो में 8 फास्ट चार्जर लगाए जाएंगे, जिनकी मदद से ये इलेक्ट्रिक बसें महज एक से डेढ़ घंटे में पूरी तरह चार्ज हो सकेंगी।

    खबरें और भी

    एक बार चार्ज होने पर चलेंगी 250 किलोमीटर

    ये बसें पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ बेहद किफायती भी हैं। एक बार फुल चार्ज होने के बाद ये बसें करीब 200 से 250 किलोमीटर तक का सफर आसानी से तय कर सकेंगी। इससे प्रदूषण मुक्त सफर के साथ लंबी दूरी तय करना आसान होगा।

    ग्रीन सेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड से हुआ समझौता

    दरअसल, प्रधानमंत्री इलेक्ट्रिक बस योजना के तहत बिहार को मिलने वाली 400 बसों के लिए हाल ही में 17 जून को परिवहन विभाग और ग्रीन सेल मोबिलिटी प्राइवेट लिमिटेड के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता (MoU) हुआ है, जिसके तहत इस योजना को जमीन पर उतारा जा रहा है।

    जानिए भागलपुर डिपो से किन रूटों पर चलेंगी बसें

    परिवहन निगम ने ई-बसों के संचालन के लिए संभावित रूट चार्ट भी फाइनल कर लिया है। भागलपुर डिपो से कुल 10 बसों का परिचालन किया जाएगा, जो निम्नलिखित प्रमुख रूटों पर चलेंगी:

    • भागलपुर – झाझा

    • भागलपुर – धोरैया (शाहकुंड होकर)

    • भागलपुर – बांका (जगदीशपुर होकर)

    • भागलपुर – तारापुर (शंभूगंज होकर)

    • भागलपुर – सुईया

    • भागलपुर – मुंगेर

    • भागलपुर – खेसर

    • भागलपुर – शंभूगंज

    • भागलपुर – जमुई

    • भागलपुर – कहलगांव

    मुंगेर और जमुई डिपो के लिए तय किए गए ये रूट

    भागलपुर के अलावा मुंगेर डिपो से 10 बसें और जमुई डिपो से 5 बसें संचालित की जाएंगी। इनके लिए निर्धारित संभावित रूट इस प्रकार हैं:

    मुंगेर डिपो:

    • मुंगेर से तारापुर (6 बसें)

    • मुंगेर से बेगूसराय

    • मुंगेर से भागलपुर

    • मुंगेर से गौरवडीह (2 बसें)

    जमुई डिपो:

    • जमुई – बिहारशरीफ (शेखपुरा होकर)

    • जमुई – भागलपुर (तारापुर, सुलतानगंज होकर)

    • जमुई – नवादा (सिकंदरा, अलीगंज होकर)

    • जमुई – तारापुर (खड़गपुर होकर)

    ई-बसों में यात्रियों को मिलेंगी ये हाईटेक सुविधाएं

    ये नई इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह वातानुकूलित (AC) होंगी। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से इनमें सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस आधारित लाइव ट्रैकिंग सिस्टम, इमरजेंसी के लिए पैनिक बटन, डिजिटल सूचना डिस्प्ले और हर सीट पर मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट जैसी हाईटेक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

    दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष प्रबंध

    इन बसों को इस तरह डिजाइन किया गया है कि महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों को चढ़ने-उतरने और सफर करने में कोई परेशानी न हो। उनके बैठने के लिए बसों में विशेष रूप से सीटें आरक्षित और सुविधाजनक बनाई गई हैं।