Trending

    भागलपुर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर वार, रिश्वत मांगी तो खैर नहीं; दीवारों पर चिपकाए गए शिकायत नंबर

    Updated: Sun, 08 Mar 2026 07:54 PM (IST)

    भागलपुर जिला शिक्षा विभाग ने वेतन भुगतान और अन्य प्रशासनिक कार्यों में अवैध वसूली की शिकायतों पर सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने नए शिक्षा भवन में सूचना ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार पर वार

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिला शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान, एरियर, एचआरए, मातृत्व अवकाश सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों को लेकर अवैध वसूली की शिकायतों के बीच विभाग ने सख्त कदम उठाया है। 

    जिला शिक्षा विभाग की स्थापना शाखा की ओर से नए शिक्षा भवन की दीवारों पर सूचना बोर्ड चिपकाया गया है, जिसमें स्पष्ट लिखा गया है कि किसी भी कार्य के बदले अवैध वसूली या रिश्वत की मांग की जाती है तो इसकी सूचना साक्ष्य के साथ वरीय पदाधिकारी को दी जा सकती है। 

    शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय

    सूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। विभाग का उद्देश्य शिक्षकों और कर्मचारियों को बिना किसी दबाव के शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करना है। 

    इसको लेकर डीपीओ स्थापना अमरेंद्र कुमार पांडे ने बताया कि शिक्षकों और अन्य स्रोतों से लगातार इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं। हालांकि अब तक किसी मामले में ठोस साक्ष्य विभाग को प्राप्त नहीं हुआ है। 

    भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए सूचना बोर्ड

    इसी को देखते हुए पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए यह सूचना बोर्ड लगाया गया है। उन्होंने बताया कि नए शिक्षा भवन की सभी शाखाओं में सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। 

    इन कैमरों की निगरानी व्यवस्था जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ-साथ डीपीओ स्थापना के कार्यालय कक्ष में भी उपलब्ध कराई गई है। डीपीओ ने स्पष्ट कहा कि विभाग भ्रष्टाचार के खिलाफ पूरी तरह सख्त है। 

    यदि किसी कर्मचारी के विरुद्ध रिश्वत लेने या अवैध वसूली की शिकायत साक्ष्य के साथ मिलती है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।