Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर : जी+3 शिक्षा भवन तैयार, लिफ्ट समेत अन्य सुविधाओं का बनेगा एस्टीमेट, उद्घाटन करने आएंगे सीएम नीतीश

    Updated: Sat, 31 Jan 2026 08:03 PM (IST)

    भागलपुर में 4.67 करोड़ रुपये की लागत से बना जी+3 नया शिक्षा भवन तैयार है। मार्च में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका उद्घाटन कर सकते हैं। जिला शिक्षा पदाध ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर : जी प्लस 3 नया शिक्षा भवन

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। 4.67 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित जी प्लस 3 नया शिक्षा भवन अब पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है। भवन के हैंडओवर के साथ ही अब उसमें कार्यालयों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। संभावना है कि मार्च माह में मुख्यमंत्री की समृद्धि यात्रा के दौरान इस शिक्षा भवन का उद्घाटन किया जा सकता है। शुक्रवार को नए शिक्षा भवन का जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, सभी डीपीओ, विभिन्न विभागों के प्रधान लिपिक एवं कर्मचारियों द्वारा संयुक्त रूप से निरीक्षण किया गया।

    निरीक्षण के दौरान भवन की हर बारीकी से जांच की गई। किस स्थान पर कौन-सी सुविधा की कमी है, किन-किन वस्तुओं की आवश्यकता होगी और किस तल पर कौन-सा विभाग शिफ्ट किया जाएगा, इन सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इस संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि सभी डीपीओ और प्रधान लिपिकों की एक टीम गठित की गई है। यह टीम नए शिक्षा भवन में आवश्यक सुविधाओं और सामग्रियों की सूची तैयार कर उसका एस्टीमेट बनाकर विभाग को सौंपेगी, जिसके बाद संबंधित कार्य कराया जाएगा।

    • नए भवन का जिला शिक्षा विभाग के डीईओ, डीपीओ सहित सभी कर्मचारियों ने लिया जायजा, जल्द शुरू होगी शिफ्टिंग
    • भवन के हैंडओवर के साथ ही अब उसमें कार्यालयों की शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू, बनाई गई जांच कमिटी
    • 4.67 करोड़ की लागत से बना है जी प्लस 3 के रूप में नया शिक्षा भवन, अब सभी कार्यालय एक ही तल के नीचे होंगे

    उन्होंने बताया कि फरवरी महीने से शिफ्टिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी, ताकि धीरे-धीरे सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से पूरी की जा सकें और नए वित्तीय वर्ष से नए भवन में विधिवत कार्य प्रारंभ हो सके। साथ ही बताया कि जिलाधिकारी से बात हुई है समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के हाथों से इसका उद्घाटन होगा।

    नए शिक्षा भवन में कार्यालयों की संभावित शिफ्टिंग

    जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार नए शिक्षा भवन में कार्यालयों की शिफ्टिंग को लेकर प्रारंभिक योजना तैयार की गई है। प्रस्ताव के तहत ग्राउंड फ्लोर पर कैंटीन के साथ एमडीएम कार्यालय रहने की संभावना है। प्रथम तल पर जिला शिक्षा पदाधिकारी का कार्यालय तथा माध्यमिक शिक्षा और साक्षरता विभाग होंगे। दूसरे तल पर समग्र शिक्षा अभियान का कार्यालय प्रस्तावित है, जबकि तीसरे तल पर योजना, लेखा एवं स्थापना शाखा के कार्यालय रह सकते हैं। हालांकि अभी इस व्यवस्था पर अंतिम फैसला होना बाकी है, जिसे एक-दो दिनों में तय किए जाने की संभावना है।

    नए शिक्षा भवन में लिफ्ट लगाने को लेकर एस्टीमेट तैयार करने का निर्देश

    बीएसआईडीसी के माध्यम से निर्मित नए शिक्षा भवन में फिलहाल लिफ्ट का प्रावधान नहीं किया गया है, हालांकि इसके लिए भवन में पर्याप्त स्थान पहले से छोड़ा गया है। निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि इस संबंध में अभियंताओं को निर्देश दिया गया है कि लिफ्ट स्थापना के लिए एस्टीमेट तैयार कर मुख्यालय स्तर पर भेजा जाए। उन्होंने कहा कि बीमार, वृद्ध एवं दिव्यांग आगंतुकों की सुविधा को देखते हुए लिफ्ट आज के समय में अत्यंत आवश्यक है। लिफ्ट की व्यवस्था होने से भवन में आने-जाने में लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।