Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    OFSS पोर्टल पर इंटर 2026-28 के लिए स्कूल-कॉलेजों की संकायवार सीट सूची उपलब्ध, भागलपुर में विज्ञान व कला में 159 सीट बढ़ी, वाणिज्य में 160 घटे

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 10:36 AM (IST)

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने भागलपुर में सत्र 2026-28 के लिए इंटर नामांकन की संशोधित सीट सूची जारी की है। कुल 67,072 सीटें उपलब्ध हैं, जो पिछले वर् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर में इंटर सत्र 2026-28: कला, विज्ञान, वाणिज्य और व्यावसायिक कोर्स की सीटें घोषित

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सत्र 2026-28 के लिए इंटरमीडिएट नामांकन को लेकर जिले में सीटों का नया आंकड़ा जारी कर दिया है। इस बार जिले में कुल 67,072 सीटें उपलब्ध होंगी, जो पिछले वर्ष की 67,073 सीटों से केवल एक सीट कम हैं। संकायवार स्थिति में बदलाव देखने को मिला है, जिससे अभ्यर्थियों के लिए विकल्पों में नई योजना बनाना जरूरी होगा।

    संकायवार बदलाव

    कला (आर्ट्स) संकाय में इस बार 119 सीटों की वृद्धि हुई है और कुल 32,854 सीटें निर्धारित की गई हैं, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 32,735 थी। विज्ञान (साइंस) संकाय में 40 सीटें बढ़कर कुल 30,064 हुई हैं, जो पिछले साल 30,024 थीं। इसके विपरीत वाणिज्य (कॉमर्स) संकाय में 160 सीटों की कटौती की गई है, इस बार केवल 3,664 सीटों पर नामांकन होगा।

    कॉलेजों की संख्या में हल्की गिरावट

    पिछले साल जिले में 301 इंटर स्कूल और कॉलेजों में नामांकन हुआ था, वहीं इस बार यह संख्या घटकर 299 हो गई है। इसमें शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के स्कूल और कॉलेज शामिल हैं।

    व्यवसायिक और कृषि शिक्षा के लिए सीटें

    जो छात्र-छात्राएं मैट्रिक के बाद व्यवसायिक शिक्षा या कृषि के माध्यम से इंटरमीडिएट करना चाहते हैं, उनके लिए जिले के छह इंटर स्कूलों में कुल 490 सीटें निर्धारित की गई हैं। नवगछिया के आदर्श उच्च विद्यालय तुलसीपुर जमुनिया में कृषि के लिए 40 सीटें हैं। वहीं, गवर्नमेंट गर्ल्स हाई स्कूल, जिला स्कूल, मारवाड़ी पाठशाला, मोक्षदा बालिका विद्यालय, टीएनबी कॉलेजिएट और प्लस टू हाई स्कूल नवगछिया में व्यवसायिक कोर्स के लिए 75-75 सीटें उपलब्ध हैं।

    कला और विज्ञान में प्रमुख स्कूल

    ऑनलाइन पोर्टल OFSS के माध्यम से इंटर नामांकन के लिए 299 स्कूल और कॉलेजों में सबसे अधिक कला संकाय की सीटें नाथनगर स्थित एसएस बालिका में 464 हैं। वहीं, नाथनगर स्थित एमएलजे इंटर कॉलेज में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकाय के लिए समान रूप से 384-384 सीटें हैं। शहरी क्षेत्र के टॉप स्कूलों में तीनों संकाय के लिए 256-256 सीटें निर्धारित की गई हैं।

    सत्र 2026-28 और पिछले सत्र की तुलना

    संकाय 2026-28 2025-27
    कला 32,854 32,735
    विज्ञान 30,064 30,024
    वाणिज्य 3,664 3,824
    व्यवसायिक 450 450
    कृषि 40 40
     

    ओएफएसएस सूची और आपत्ति का अवसर

    बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने सभी स्कूल और कॉलेजों की विषयवार और संकायवार सीट सूची OFSS वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सूची की जाँच करें। किसी भी प्रकार की आपत्ति होने पर 30 मार्च शाम 5 बजे तक ई-मेल के माध्यम से दर्ज कर सकते हैं, अन्यथा सूची को अंतिम माना जाएगा।