Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर : जगदीशपुर बस स्टैंड का कायाकल्प, जिला परिषद के फंड से विकसित होंगे बस पड़ाव और दुकान स्‍टॉल

    Updated: Thu, 26 Mar 2026 11:51 AM (IST)

    भागलपुर के जगदीशपुर बाईपास स्थित अस्थाई बस स्टैंड का जिला परिषद के फंड से कायाकल्प किया जाएगा। यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ प्रदान करने के उद्देश्य से ...और पढ़ें

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। जगदीशपुर बाईपास स्थित अस्थाई रिक्शाडीह बस स्टैंड को जल्द ही कायाकल्प किया जाएगा। जिला परिषद के फंड से यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस बस स्टैंड को विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है।

    बस स्टैंड में नई सुविधाओं का निर्माण

    योजना के तहत यहां दो बस पड़ाव, महिला एवं पुरुषों के लिए 10-10 डीलक्स शौचालय, शुद्ध पेयजल, टिकट काउंटर और पुलिस पिकेट का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा बस स्टैंड परिसर में 15 दुकान स्टाल बनाए जाएंगे, जिससे यात्रियों को आवश्यक वस्तुएं आसानी से उपलब्ध होंगी।

    अधिकारियों ने किया निरीक्षण

    बुधवार को उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में जिला परिवहन पदाधिकारी जनार्दन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने बस स्टैंड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण के लिए स्थान चिन्हित किए गए और पूरे परिसर का विकास खाका तैयार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जल्द ही योजना का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कराया जाएगा।

    समतलीकरण और फेंसिंग के साथ सुरक्षा

    बस स्टैंड में हाईमास्ट लाइट लगाने और पूरे क्षेत्र का समतलीकरण कराने की योजना है, ताकि आवागमन सुगम हो सके। इसके अलावा चारों ओर फेंसिंग का कार्य भी कराया जाएगा, जिससे व्यवस्था और सुरक्षा बेहतर बनी रहे।

    अस्थायी बस स्टैंड की भूमिका

    जिला परिवहन पदाधिकारी ने कहा कि आईएसबीटी बनने तक इस बस स्टैंड को अस्थायी रूप से विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों, बस चालकों और वाहन स्वामियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। इस योजना पर लगभग ढाई से तीन करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

    दैनिक संचालन और समस्या का समाधान

    हाल के दिनों में बारिश के बाद बस स्टैंड की स्थिति खराब हो गई थी। कीचड़ और अव्यवस्था के कारण यात्रियों को परेशानी हुई। इस पर बस ऑनर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन को अवगत कराया, जिसके बाद योजना पर कार्य शुरू किया गया।


    गौरतलब है कि इस बस स्टैंड से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का संचालन होता है। गर्मियों के शुरू होने से पहले सभी जरूरी सुविधाएं विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि यात्रियों को राहत मिल सके और आवागमन सुसंगत और सुचारू रूप से संचालित हो सके।