Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भागलपुर में मॉडल स्कूलों की शुरुआत, 9वीं से पढ़ाई, 720 छात्रों को मौका, नामांकन प्र‍क्र‍िया और श‍िक्षकों की नि‍युक्‍त‍ि प्रक्र‍िया जान लीज‍िए

    Updated: Mon, 30 Mar 2026 01:33 PM (IST)

    भागलपुर में राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत 16 मॉडल स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें 9वीं कक्षा से पढ़ाई शुरू होगी, जिससे कुल 720 छात्रों ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर में 16 मॉडल स्कूल खुलेंगे, 720 छात्रों को मिलेगा नामांकन का मौका

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले में 16 मॉडल स्कूलों की स्थापना की जा रही है। इन स्कूलों में शैक्षणिक सत्र की शुरुआत 9वीं कक्षा से होगी और प्रत्येक विद्यालय में 45-45 छात्रों का नामांकन किया जाएगा। इस तरह जिले में कुल 720 छात्रों को पढ़ने का अवसर मिलेगा।

    शिक्षा विभाग ने इसे लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं और स्कूलों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। विभाग का लक्ष्य है कि नए सत्र से इन विद्यालयों में पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।

    मेरिट के आधार पर होगा नामांकन

    इन मॉडल स्कूलों में नामांकन राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना के तहत किया जाएगा। यानी छात्रों का चयन पूरी तरह मेरिट के आधार पर होगा। इसके लिए 11 मार्च को प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा चुकी है। अब छात्रों को परिणाम का इंतजार है, जो संभवत: जून के पहले सप्ताह में जारी किया जाएगा। रिजल्ट जारी होते ही चयनित छात्रों का नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

    शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू

    मॉडल स्कूलों में बेहतर शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसके लिए डीडीसी (उप विकास आयुक्त) के नेतृत्व में एक विशेष चयन समिति का गठन किया गया है।

    यह समिति जिले स्तर पर शिक्षकों के चयन की पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रही है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से 120 से अधिक शिक्षकों ने आवेदन किया है।

    पुरानी कक्षाओं की पढ़ाई रहेगी जारी

    अधिकारियों के अनुसार, जिन विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में चिन्हित किया गया है, वहां 9वीं कक्षा से मॉडल स्कूल की पढ़ाई शुरू होगी। हालांकि, पहले से नामांकित 10वीं, 11वीं और 12वीं के छात्र उसी विद्यालय में अपनी पढ़ाई जारी रखेंगे। इससे छात्रों की पढ़ाई पर किसी प्रकार का असर नहीं पड़ेगा और उनकी शिक्षा निरंतर चलती रहेगी।

    नामांकन को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं

    मॉडल स्कूल भले ही प्रखंड स्तर पर स्थापित किए जा रहे हैं, लेकिन इनमें नामांकन को लेकर स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। चूंकि चयन राष्ट्रीय आय सह मेधा छात्रवृत्ति योजना के तहत होगा, इसलिए इसमें राज्य के किसी भी जिले के छात्र शामिल हो सकते हैं। ऐसे में यह तय नहीं है कि संबंधित प्रखंड के ही छात्र इन स्कूलों में पढ़ पाएंगे या अन्य क्षेत्रों के छात्र भी अवसर प्राप्त करेंगे।

    यह भी पढ़ें- भागलपुर ज‍िले में 16 बनेंगे माडल स्कूल, आवासीय और आधुनिक सुविधाओं से होंगे लैस, केंद्रीय व‍िद्यालय जैसा होगा स्‍वरूप