भागलपुर: स्मार्ट स्कूल, डिजिटल लाइब्रेरी और सीसीटीवी के लिए 3.48 करोड़ रुपये का एमओयू
भागलपुर में शिक्षा और सुरक्षा के विकास हेतु जिलाधिकारी और एनटीपीसी कहलगांव के बीच 3.48 करोड़ रुपये का समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। इसके तहत भगवान पुस्तक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले में शिक्षा, सुरक्षा और पठन-पाठन सुविधाओं के विकास को लेकर 3.48 करोड़ रुपये की सीएसआर फंड से तीन महत्वाकांक्षी योजनाओं पर काम किया जाएगा। इसे लेकर शुक्रवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एनटीपीसी कहलगांव के मुख्य प्रबंधक श्री रविंद्र पटेल के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। एमओयू के बाद जिला योजना पदाधिकारी श्री मोनू कुमार और एनटीपीसी कहलगांव के वरीय प्रबंधक (एचआर-सीएसआर) श्री के.के. सिंह के बीच फाइलों का आदान-प्रदान किया गया।
समझौते के तहत पहली योजना में भगवान पुस्तकालय को प्रमंडलीय पुस्तकालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 1.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। इस पुस्तकालय को पूरी तरह डिजिटल स्वरूप में बदला जाएगा, जहां ई-बुक्स, ऑनलाइन अध्ययन सामग्री और आधुनिक पठन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।दूसरी योजना के अंतर्गत 78 लाख 96 हजार रुपये की लागत से जिले के 10 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा।
- जिला प्रशासन और एनटीपीसी कहलगांव के बीच तीन बड़े प्रोजेक्ट के लिए सीएसआर के तहत हुआ समझौता
- प्रमंडलीय स्तरीय भगवान पुस्तकालय का बदलेगा स्वरूप
- यहां बनेगा 1.20 करोड़ की राशि से डिजिटल लाइब्रेरी
- 10 सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय सुविधा एवं स्मार्ट क्लास के लिए मिला 78 लाख रुपए
- प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी युक्त निगरानी चौकियों के लिए मिला 1.50 करोड़
इससे छात्रों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा। जबकि तीसरी योजना के तहत 1.50 करोड़ रुपये की राशि से शहर के प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी युक्त निगरानी चौकियों की स्थापना की जाएगी। इससे यातायात, भीड़भाड़ वाले इलाकों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। इस एमओयू कार्यक्रम के मौके पर संयुक्त निदेशक जनसंपर्क नागेंद्र कुमार गुप्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा, एनटीपीसी के एजीएम (एचआर) भास्कर गुप्ता, एग्जीक्यूटिव (सीएसआर) मनोरंजन सारंगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आकांक्षी प्रखंड के मध्य विद्यालय में बनेंगे स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार शर्मा ने बताया कि 10 स्कूलों में बनाई जाने वाली स्मार्ट क्लास और पुस्तकालय सुविधा में पांच आकांक्षी प्रखंड के मध्य विद्यालय शामिल होंगे, जबकि शेष पांच अन्य प्रखंडो के होंगे। उन्होंने कहा कि इसको लेकर बीईओ के माध्यम से पांच आकांक्षी प्रखंड के सहित सभी प्रखंडों से भवन वाले दो-दो स्कूलों की सूची मांगी जा रही है। फिर भौतिक निरिक्षण करते हुएस इसकी विस्तृत सूची जिला पदाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि काम तेजी से शुरू किया जा सके।
विक्रमशिला पुल और इंट्री प्वांइट पर लगेंगे सीसीटीवी और बनेगी चौकियां
सीएसआर के तहत जिले में सुरक्षा और यातायात निगरानी को मजबूत करने के लिए विक्रमशिला पुल जिले के इंट्री प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरों और स्पीड ट्रैक्टर कैमरे लगेंगे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों की असंवेदनशील गतिविधियों पर नियंत्रण रखना, ओवरलोड वाहनों पर नजर रखना और जिले के प्रमुख परिवहन मार्गों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसके तहत तकनीकी रूप से आधुनिक कैमरे और निगरानी उपकरण लगाए जाएंगे, जो 24 घंटे रिकार्डिंग और रियल-टाइम मानिटरिंग सुनिश्चित करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।