भागलपुर यार्ड वंदे भारत के लिए तैयार, बनेगा होल्डिंग एरिया, लोकल ट्रेन प्रस्तावित
मालदा मंडल के डीआरएम ने भागलपुर स्टेशन का निरीक्षण किया। बांका और हंसडीहा से भागलपुर तक लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है, जिससे यात्री विक्रमशिला एक्सप ...और पढ़ें

विक्रमशिला ट्रेन में निरीक्षण करते डीआरएम मनीष कुमार। जागरण
जागरण संवाददाता, भागलपुर। बांका और हंसडीहा से दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। इन क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क देने के लिए भागलपुर तक लोकल ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है। यह ट्रेन भागलपुर पहुंचकर यात्रियों को विक्रमशिला एक्सप्रेस पकड़ने में सुविधा देगी।
इसके अलावा पर्व-त्योहार के दौरान स्टेशन पर बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भागलपुर रेलवे स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया भी बनाया जाएगा।
गुरुवार को मालदा मंडल के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता (Manish Kumar Gupta) होली के बाद संभावित भीड़ और उसकी व्यवस्था का जायजा लेने भागलपुर स्टेशन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर के कई हिस्सों का निरीक्षण किया। उनके साथ रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) की टीम भी मौजूद थी।
जीएम के निर्देश के बाद शुरू हुआ निरीक्षण
दरअसल पिछले माह पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद के देउस्कर (Milind K Deouskar) भागलपुर आए थे। उस दौरान उन्होंने स्टेशन परिसर का निरीक्षण कर कई अहम बदलाव के निर्देश दिए थे। इसी के बाद इन योजनाओं को अमलीजामा पहनाने के लिए डीआरएम और वरिष्ठ अधिकारियों ने स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।
होल्डिंग एरिया का बनेगा नया डिजाइन
निरीक्षण के दौरान पार्किंग क्षेत्र के पास प्रस्तावित होल्डिंग एरिया के स्थान का भी जायजा लिया गया। डीआरएम और अन्य अधिकारियों ने राइट्स की प्रबंधक सुवा बनर्जी और आर्किटेक्ट गंगोत्री गांगुली को स्थल दिखाया।
डीआरएम ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए होल्डिंग एरिया का नया आर्किटेक्चरल डिजाइन तैयार करने का निर्देश दिया। इसमें दो तरफ से प्रवेश और निकास की व्यवस्था, फुटओवर ब्रिज, एस्केलेटर और दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं शामिल करने को कहा गया है।
रेलवे ने पर्व-त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए देश के 16 जोन में 76 होल्डिंग एरिया विकसित करने का निर्णय लिया है, जिसमें भागलपुर भी शामिल है।
- मालदा मंडल के डीआरएम ने भीड़ प्रबंधन और चल रही योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए स्टेशन का किया निरीक्षण
- पर्व-त्योहार की भीड़ संभालने को स्टेशन पर बनेगा होल्डिंग एरिया, दो होंगे प्रवेश द्वार दिव्यांग के लिए अलग सुविधा
- भागलपुर यार्ड वंदे भारत संचालन के लिए तैयार, डीआरएम स्वीकृति मिलते ही चलेगा हावड़ा भागलपुर वंदे भारत
- रेलवन एप प्रचार अभियान आज से, स्टेशनों पर बनेंगे सहायता काउंटर, 12 मार्च तक चलेगा अभियान
लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव भेजा गया
बांका और हंसडीहा के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क देने के लिए इन क्षेत्रों से भागलपुर तक लोकल ट्रेन चलाने का प्रस्ताव तैयार कर रेलवे बोर्ड और पूर्व रेलवे के कोलकाता मुख्यालय को भेजा गया है।
डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि बांका जिले से दिल्ली के लिए फिलहाल कोई सीधी ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। ऐसे में प्रस्तावित लोकल ट्रेन के माध्यम से यात्री भागलपुर पहुंचकर विक्रमशिला एक्सप्रेस से सीधे दिल्ली जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि भीड़ को देखते हुए दो रैक तैयार रखे गए हैं। स्वीकृति मिलते ही लोकल ट्रेन का परिचालन शुरू कर दिया जाएगा।
भागलपुर यार्ड वंदे भारत संचालन के लिए तैयार
हाल ही में गोड्डा के सांसद ने कहलगांव रूट से भागलपुर-हावड़ा के बीच वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग की थी। अब इस ट्रेन के संचालन को लेकर घोषणा का इंतजार किया जा रहा है। डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने बताया कि भागलपुर यार्ड को ग्वालियर की कैमटेक तकनीक की तर्ज पर विकसित किया गया है। यह यार्ड वंदे भारत ट्रेन के संचालन के लिए पूरी तरह तैयार है।
रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलते ही ट्रेन का संचालन शुरू किया जा सकता है। सूत्रों के अनुसार भागलपुर-हावड़ा वंदे भारत सुबह 6 से 7 बजे के बीच भागलपुर से खुलेगी और रात तक वापस लौट आएगी। ट्रेन का प्राइमरी मेंटेनेंस भी भागलपुर में ही होगा।
रेलवन एप को बढ़ावा देने के लिए अभियान
रेलवे की ओर से 6 से 12 मार्च तक रेलवन एप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। स्टेशनों पर कैनोपी टेंट और सहायता काउंटर बनाकर यात्रियों को एप की जानकारी दी जाएगी तथा उनसे जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। रेलवन और आईआरसीटीसी से संबंधित जानकारी देने के लिए यात्रियों को पुस्तिकाएं भी वितरित की जाएंगी। भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज, मालदा और हावड़ा समेत कई स्टेशनों पर यह अभियान चलाया जाएगा, जिसमें वाणिज्य विभाग की टीम डिजिटल दूत के रूप में कार्य करेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।