Trending

    12 से 19 मार्च : भागलपुर के स्कूलों में कक्षा 1 से 8वीं की वार्षिक परीक्षा प्रश्नपत्र 45 मिनट पहले ई-शिक्षाकोष पर

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 12:45 PM (IST)

    भागलपुर के सरकारी स्कूलों में 12 से 19 मार्च तक कक्षा 1 से 8वीं की वार्षिक परीक्षा होगी। प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल से टैब पर 45 मिनट पहले मिलेंगे। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर के सरकारी स्कूलों में 12 से 19 मार्च तक कक्षा 1 से 8वीं तक वार्षिक परीक्षा आयोजित

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। जिले के 2020 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा 12 मार्च से 19 मार्च तक आयोजित की जाएगी। राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद ने इसके लिए संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

    इस बार परीक्षा में प्रश्नपत्र ई-शिक्षाकोष पोर्टल के माध्यम से टैब पर उपलब्ध कराए जाएंगे। परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले प्रश्नपत्र टैब पर भेज दिए जाएंगे, जिन्हें स्कूल स्तर पर छापकर छात्रों को वितरित किया जाएगा।

    कक्षा 1 व 2 की परीक्षा मौखिक, कक्षा 3-8 लिखित

    निर्देश के अनुसार, कक्षा एक और दो के छात्रों की परीक्षा मौखिक रूप से ली जाएगी। वहीं कक्षा तीन से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए उत्तर पुस्तिकाएं बिहार राज्य पाठ्यपुस्तक निगम के माध्यम से उपलब्ध कराने का कार्य शुरू हो गया है।

    मूल्यांकन और प्रगति पत्र की प्रक्रिया

    परीक्षा समाप्त होने के बाद 19 से 24 मार्च तक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन पूरा होने के बाद 25 मार्च तक प्रगति पत्र और अंक तालिका तैयार कर ली जाएगी। इसके बाद सभी स्कूलों में 30 मार्च को शिक्षक-अभिभावक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्रों का प्रगति पत्र अभिभावकों के साथ साझा किया जाएगा।

    शिक्षा विभाग का निर्देश

    शिक्षा विभाग ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि वार्षिक मूल्यांकन की प्रक्रिया निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाए। इस बार ई-शिक्षाकोष पोर्टल का प्रयोग और टैब आधारित प्रश्नपत्र वितरण से परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी और व्यवस्थित होने की उम्मीद है।