Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    BPSC TRE-4 शिक्षक भर्ती: भागलपुर को मिलेंगे 520 नए टीचर, प्राइमरी स्कूलों में नो-वैकेंसी

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 02:21 PM (IST)

    शिक्षा विभाग ने टीआरई-4 के तहत बिहार लोक सेवा आयोग को 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना भेजी है, जिसमें भागलपुर जिले को 520 नए शिक्षक मिलेंग ...और पढ़ें

    टीआरई-4: भागलपुर में 520 नए शिक्षकों की नियुक्ति, माध्यमिक-उच्च माध्यमिक को लाभ (AI Generated Image)

    टीआरई-4: भागलपुर में 520 नए शिक्षकों की नियुक्ति, माध्यमिक-उच्च माध्यमिक को लाभ (AI Generated Image)

    HighLights

    1. भागलपुर को टीआरई-4 में मिलेंगे 520 नए शिक्षक।

    2. कक्षा 6 से 12 तक के लिए पद, प्राथमिक को नहीं।

    3. माध्यमिक-उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी होगी दूर।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। शिक्षा विभाग ने शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए टीआरई-4 के तहत राज्यभर में 32,388 शिक्षकों की नियुक्ति के लिए अधियाचना बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी है। इसके तहत भागलपुर जिले को कुल 520 नए शिक्षक मिलेंगे।

    जिला शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, कक्षा 6 से 8 के लिए 195, कक्षा 9-10 के लिए 99 तथा कक्षा 11-12 के लिए 226 शिक्षकों के पद निर्धारित किए गए हैं।

    विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सभी पद बैकलॉग और चालू रोस्टर के आधार पर अनुमन्य रिक्तियों के अनुसार तय किए गए हैं। कक्षा 6 से 8 में 73 बैकलाग और 122 चालू रोस्टर के पद शामिल हैं।

    वहीं, कक्षा 9-10 में 28 बैकलॉग एवं 71 चालू रोस्टर के पद स्वीकृत किए गए हैं। इसी प्रकार कक्षा 11-12 में 172 बैकलाग तथा 54 चालू रोस्टर के पदों को अधियाचना में शामिल किया गया है।

    वर्तमान में भागलपुर जिले में कुल 17,134 शिक्षक कार्यरत हैं। इनमें बिहार लोक सेवा आयोग के प्रथम चरण से नियुक्त 2,990, द्वितीय चरण से 2,159 तथा तृतीय चरण से नियुक्त 987 शिक्षक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पूर्व से कार्यरत अन्य शिक्षक भी जिले के विभिन्न विद्यालयों में सेवाएं दे रहे हैं।

    शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि टीआरई-4 के तहत होने वाली नई नियुक्तियों से माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी काफी हद तक दूर होगी। इससे विद्यार्थियों को नियमित विषयवार शिक्षण उपलब्ध कराने के साथ विद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्था भी और मजबूत होने की उम्मीद है।

    वहीं, जिले के प्राथमिक विद्यालयों को टीआरई-4 के तहत नए शिक्षकों का आवंटन नहीं होगा। शिक्षा विभाग के अनुसार जिले में कक्षा 1 से 5 तक शिक्षण कार्य के लिए पहले से ही 7,056 शिक्षक कार्यरत हैं। वहीं इन कक्षाओं में कुल 2,11,770 विद्यार्थी नामांकित हैं।

    खबरें और भी

    विभागीय आंकड़ों के अनुसार वर्तमान शिक्षक संख्या छात्र-शिक्षक अनुपात (पीटीआर) के निर्धारित मानकों को पूरा करती है। इसी कारण चौथे चरण की नियुक्ति में प्राथमिक स्तर के लिए कोई रिक्ति नहीं भेजी गई है।

    11वीं-12वीं में रसायन विज्ञान के सबसे अधिक 75 शिक्षक मिलेंगे

    11-12 के लिए विषयवार रिक्तियों पर नजर डालें तो सबसे अधिक 75 पद रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) के हैं। इसके बाद अंग्रेजी के 39, भौतिकी (फिजिक्स) के 34 और मनोविज्ञान (साइकोलॉजी) के 25 पदों पर नियुक्ति होगी।

    वहीं बॉटनी के 14, संस्कृत के 13, उर्दू के आठ और संगीत के छह पद स्वीकृत किए गए हैं। अन्य विषयों में गणित के चार, भूगोल के तीन, अरबी और मैथिली के दो-दो तथा बांग्ला का एक पद शामिल हैं।

    मध्य व माध्यमिक विद्यालयों में संस्कृत और गणित-विज्ञान के पद सर्वाधिक

    टीआरई-4 के तहत कक्षा 6 से 8 में सबसे अधिक 71 शिक्षक गणित एवं विज्ञान विषय के मिलेंगे। इसके अलावा अंग्रेजी के 49, संस्कृत के 31, उर्दू के 19, हिंदी के 16 तथा सामाजिक विज्ञान के नौ पद स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, कक्षा 9-10 में संस्कृत के सर्वाधिक 61 शिक्षक नियुक्त होंगे।

    इसके अलावा उर्दू के 13, विज्ञान के छह, शारीरिक शिक्षा के चार, गणित एवं बांग्ला के तीन-तीन तथा अरबी और फारसी के दो-दो शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

    यह भी पढ़ें- BPSC TRE-4: प्लस-टू स्कूलों पर सबसे ज्यादा फोकस, 11वीं-12वीं के लिए भरे जाएंगे 16 हजार से अधिक पद