Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    Bihar News: भाजपा नेता को दिनदहाड़े मारी गोली, घर में घुस गए 5 शूटर; पुलिस ने सूरज तांती को किया गिरफ्तार

    By Kaushal Kishore Mishra Edited By: Alok Shahi
    Updated: Fri, 24 Oct 2025 09:28 PM (IST)

    Bihar Breaking News: बिहार के भागलपुर में शुक्रवार की सुबह 8 बजे भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव को कुख्यात अपराधी सूरज तांती ने गोली मार दी। इसके बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। हमला करने वाला कुख्यात अपने चार गुर्गों के साथ उनके घर पहुंचा था। तिलकामांझी चौक के समीप टीएनबी लॉ कॉलेज रोड स्थित उनके आवास पर सूरज तांती ने भाजपा नेता से गाली-गलौज करते हुए कहा कि तुम हमें नहीं जानते कि मैं ही सूरज तांती हूं। 

    Hero Image

    Bihar Breaking News: भागलपुर में शुक्रवार को भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव को अपराधी सूरज तांती ने गोली मार दी।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। Bihar Breaking News बिहार के भागलपुर में भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद उर्फ बबलू यादव को शुक्रवार की सुबह आठ बजे कुख्यात अपराधी सूरज तांती ने गोली मार दी। हमला करने वाला कुख्यात अपने चार गुर्गों के साथ तिलकामांझी चौक के समीप टीएनबी लॉ कॉलेज रोड स्थित आवास पर आ धमका। दरवाजे पर लात मारकर भाजपा नेता के छोटे भाई को पुकारा। दोनों भाई बाहर निकलने के बाद सूरज तांती ने गाली-गलौज करते हुए कहा कि जब हमारा फल वाले के साथ नोकझोंक हो रहा था तो तुम वहां मौजूद थे, हमारा साथ क्यों नहीं दिया। तुम हमें नहीं जानते कि मैं ही सूरज तांती हूं। हमारा भाई ही फंटुश तांती है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस पर दोनों भाइयों ने कहा हमारी किसी से लड़ाई नहीं तो हमलोग क्यों दूसरे के झगड़े में पड़े। इतना बोलना था कि सूरज तांती के साथ मौजूद एक गुर्गे ने भाजपा नेता के चेहरे पर मुक्के से हमला कर दिया।तभी सूरज तांती ने विवेकानंद प्रसाद के सिर को निशाना बना गोली दागी। गोली भाजपा नेता के सिर के बीच वाले ऊपरी हिस्से को चीरते हुए निकल गई। फिर एक दूसरे अपराधी ने गोली चलाई जो दीवार में जा लगी। अचानक गोलियां चलने से सड़क पर टहल कर लौटने वाले इधर-उधर भागने लगे। घरों की छतों पर लोग खड़े हो शोर मचाने लगे। अपराधी वहां से भाग निकले।

    इधर, मुख्य अपराधी सूरज तांती, अशोक तांती और मिथुन यादव को दो पिस्तौल और चार कारतूस के साथ पुलिस ने कांड के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी हृदय कांत की निगरानी में सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने पुलिस टीम के साथ उसके ठिकाने पर छापेमारी कर धर दबोचा। 

    BJP Rohit Pandey

    भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद पर कातिलाना हमले की जानकारी पर भागलपुर के भाजपा प्रत्याशी रोहित कुमार पांडे जख्मी विवेकानंद प्रसाद का कुशलक्षेम जानने पहुंचे, वरीय पुलिस अधिकारियों से मोबाइल से बात की।

    अपराधियों में एक के पास बाइक भी थी जो हमले के बाद मौके से भागा। हमले के दौरान सूरत तांती के सिर पर ढंका गमछा मौके पर गिर गया। घटना की जानकारी जख्मी भाजपा नेता के परिजन ने बरारी थाने को दी लेकिन पुलिस आधे घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंची। भाजपा नेता को परिजन घर के सामने एक चिकित्सक की क्लिनिक में भर्ती करा प्राथमिक उपचार कराया।

    घटना की जानकारी होने पर एसएसपी हृदय कांत ने सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी को मौके पर भेजा। इस बीच बरारी थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार कमल पुलिस बल के साथ पहुंच गए। जख्मी भाजपा नेता को निजी क्लिनिक से बेहतर उपचार के लिए जवाहर लाल नेहरू अस्पताल के गहन उपचार कक्ष में भर्ती करा दिया गया है। जख्मी भाजपा नेता ने हमलावरों में एक कुख्यात सूरज तांती की पहचान कर ली है। वह उनके आवासीय परिसर से आधा किलोमीटर दूर सुरखीकल आदर्श नगर कॉलोनी में रहता है।

    कोइली-खुटहा के रहने वाले हैं भाजपा नेता, आवास पर लगी भीड़

    भाजपा नेता विवेकानंद कोइली-खुटहा गांव के स्वर्गीय धनंजय प्रसाद यादव के पुत्र हैं। तिलकामांझी टीएनबी लॉ कालेज रोड में भी उनका आवासीय परिसर है। जहां वर्षों से स-परिवार रह रहे हैं। घटना की जानकारी पर गांव से काफी संख्या में लोग उनके आवास पर जमा होने लगे। भाजपा नेता और एनडीए प्रत्याशी रोहित कुमार पांडेय, शंभू शर्मा, ईंजीनियर सुभाष यादव, विभाष यादव, विपिन बिहारी यादव, पंकज कुमार यादव, पंकज कुमार सिंह, मुन्ना सिंह आदि घटना की जानकारी पर वहां पहुंच गए और जख्मी भाजपा नेता का कुशलक्षेम पूछ उनके साथ खड़े रहने की बात कही।

    सीसी कैमरे में कैद है हमले की तस्वीर

    सीसी कैमरे में भाजपा नेता पर हमले की तस्वीर कैद हो गई है। सिटी डीएसपी और थानाध्यक्ष को सीसी कैमरे की फुटेज उपलब्ध कराई गई है जिसमें कुख्यात सूरज तांती और उसके गुर्गों के मौका-ए-वारदात की गतिविधियां कैद हो गई है। मौके पर पहुंचे सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बरारी थानाध्यक्ष को हमले में शामिल अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने को कहा।

    काली महारानी पूजा समिति के महासचिव धूरी यादव हत्याकांड में ही है आरोपित

    सूरज तांती काली महारानी पूजा समिति के महासचिव रहे चिरंजीवी यादव उर्फ धूरी यादव की चार नवंबर 2019 को हुई हत्या में आरोपित है। उसके विरुद्ध कई अन्य कांड भी दर्ज हैं। वह जमानत पर हाल में ही जेल से बाहर आया है।

    हमले के बाद भाजपा नेता के घर की बढ़ाई गई सुरक्षा

    भागलपुर में भाजपा नेता विवेकानंद प्रसाद पर शुक्रवार की सुबह हुए कातिलाना हमले के बाद तिलकामांझी स्थित उनके आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसएसपी हृदय कांत ने घटना की जानकारी पर उनके घर पर तुरंत पुलिसकर्मियों को प्रतिनियुक्त कर दिया है। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम को लगा दिया है।