भीषण गर्मी के बीच आज से खुले बिहार के स्कूल, बदला गया समय; भागलपुर में MDM और बैक टू स्कूल वीक को लेकर नया आदेश जारी
भीषण गर्मी के कारण बिहार के सभी सरकारी विद्यालयों का संचालन आज (22 जून) से मॉर्निंग शिफ्ट में होगा, जिसमें भागलपुर के 2017 स्कूल शामिल हैं। सुबह 6:30 ...और पढ़ें

Bihar School Reopening: भीषण गर्मी के बीच आज से खुले बिहार के स्कूल, बदला गया समय; पढ़ें भागलपुर की नई गाइडलाइन
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए बिहार के शिक्षा विभाग ने राज्य के सभी सरकारी विद्यालयों के संचालन समय में बड़ा बदलाव किया है। आज यानी सोमवार (22 जून) से भागलपुर जिले के सभी 2017 सरकारी विद्यालय मॉर्निंग शिफ्ट में ही संचालित किए जाएंगे। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय द्वारा शिक्षा विभाग के ऑफिशियल अकाउंट से यह जानकारी साझा की गई है। भागलपुर के जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) राजकुमार शर्मा ने भी इस आदेश की पुष्टि की है।
सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक की टाइमिंग
जारी आदेश के मुताबिक, 22 जून से 30 जून तक सभी विद्यालयों का संचालन सुबह 6:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। सुबह 6:30 बजे विद्यालय खुलेंगे तथा 6:30 से 7:00 बजे तक प्रार्थना और अन्य गतिविधियां होंगी। इसके बाद नियमित कक्षाओं का संचालन किया जाएगा। विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर 12:20 बजे होगी, जबकि 12:20 से 12:30 बजे तक शिक्षकों द्वारा पढ़ाए गए विषयों की समीक्षा, अगले दिन की पाठ योजना और गृहकार्य की जांच का कार्य किया जाएगा।
मिड-डे मील (MDM) को लेकर विशेष निर्देश
आदेश में यह भी कहा गया है कि जिन विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण मध्याह्न भोजन (मध्याह्न भोजन योजना) एक साथ संचालित करने में कठिनाई होती है, वहां प्रधानाध्यापक अपने स्तर से दो समूह बनाकर भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। वहीं, दो शिफ्टों में संचालित विद्यालयों के संबंध में जिला शिक्षा पदाधिकारी स्थानीय परिस्थितियों और गर्मी की स्थिति को देखते हुए स्वयं निर्णय लेंगे।
22 से 27 जून तक मनेगा 'स्वागत सप्ताह'
स्कूल खुलने के साथ ही शिक्षा विभाग के निर्देश पर 22 से 27 जून तक सभी सरकारी प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों में स्वागत सप्ताह (बैक टू स्कूल वीक) मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को पुनः विद्यालयी वातावरण से जोड़ना, उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा सकारात्मक शैक्षणिक माहौल तैयार करना है। इस वर्ष स्वागत सप्ताह का आयोजन 'हर बच्चे का स्वागत, हर सपने का सम्मान' थीम पर किया जाएगा। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने बच्चों के लिए आनंददायक और सुरक्षित वातावरण तैयार करने का निर्देश दिया है।
खबरें और भी
विद्यालय खुलने से पहले MDM की तैयारी पूरी करने का निर्देश
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद विद्यालय खुलने के साथ ही मध्याह्न भोजन (पीएम पोषण) योजना के सुचारू संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण) ने सभी प्रारंभिक विद्यालयों एवं मदरसों के प्रधानों को निर्देश दिया है कि पहले दिन से ही बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए रसोईघर में चूना और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, खाद्यान्न एवं ईंधन की उपलब्धता तथा भंडारित अनाज की गुणवत्ता जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं।