Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    रेलवे का बड़ा फैसला, स्टेशन पर 24 घंटे बज रहे Chhath Geet, रेलवे बोर्ड का निर्देश, छठ गीत से सात्विक हुए पूर्व रेलवे के स्टेशन

    By Alok ShahiEdited By: Alok Shahi
    Updated: Fri, 24 Oct 2025 08:15 PM (IST)

    Chhath Geet, Chhath Puja: छठ पूजा 2025 के पावन अवसर पर रेलवे स्टेशन छठी मइया के गीतों से गूंज रहे है। ट्रेन आने-जाने की उद्घोषणा के बीच मांगी ला हम वरदान हे गंगा मइया... केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव... जैसे सुप्रसिद्ध छठ गीत सुनाई देते हैं, तो यात्री एकबारगी मंत्रमुग्ध हो उठते हैं। महिला यात्री छठ गीतों के साथ अपने को गुनगुनाने से नहीं रोक पा रही हैं। रेल यात्रियों ने समवेत स्वर में कहा कि स्टेशन पर मिल रहा यह अनुभव उन्हें घर और छठ घाट की याद दिला रहा है।

    Hero Image

    Chhath Geet, Chhath Puja: पूर्व रेलवे के सीपीआरओ के अनुसार छठ पूजा तक छठी मइया के गीत 24 घंटे रेलवे स्टेशनों पर बजेगा।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। Chhath Geet, Chhath Puja लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा 2025 पर इस वर्ष रेलवे ने एक नई पहल शुरू की है। छठ पर्व 2025 को देखते हुए रेलवे ने 30 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर छठ के पारंपरिक गीतों का प्रसारण शुरू किया है। स्टेशन पर गूंज रहे ये गीत यात्रियों के मन को भा रहे हैं और उन्हें बिहार-झारखंड की सोंधी संस्कृति से जोड़ रहे हैं। रेलवे स्टेशन पर जैसे ही उद्घोषणा के बीच मंगीला हम वरदान हे गंगा मइया... केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव... जैसे प्रसिद्ध छठ गीत सुनाई देते हैं, यात्री मंत्रमुग्ध हो उठते हैं। महिला यात्री गीतों के साथ गुनगुनाने से खुद को नहीं रोक पा रही हैं। रेल यात्रियों ने कहा कि स्टेशन पर मिल रहा यह अनुभव उन्हें घर और छठ घाट की याद दिला रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    छठ पूजा 2025 पर यात्रियों का स्वागत छठ के सांस्कृतिक गीतों से

    शनिवार, 25 अक्टूबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहे चार दिवसीय अनुष्ठान लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 2025 के पावन अवसर पर जहां परवैतीन (व्रती महिलाओं) के घर देर रात तक छठ गीत गूंज रहे हैं। वहीं सड़क से लेकर बाजार, बसों, आटो, टोटो में जहां-तहां छठ मइया की गीत गूंजने लगे हैं। कांच ही बांस के बहंगिया, रुनकी-झुनकी बेटी मांगीला, केलवा के पात पर उगे लन सुरुज देव, पहिले पहिल छठी मइया, उग हे सुरुज देव, हे छठी मइया, पटना के घाट पर और हे दीनानाथ' जैसे छठ गीत अभी से ही अर्घ्य अपर्ण का अहसास करा रहे हैं।

    रेलवे बोर्ड ने पहली बार किया प्रयोग, छठ गीत बजाने का निर्देश

    रेलवे बोर्ड की नई व्यवस्था के मुताबिक शुक्रवार से छठ मइया की गीत से पूरा भागलपुर स्टेशन भक्तिमय हो गया है। पहली बार यह व्यवस्था रेलवे बोर्ड के निर्देश पर भागलपुर के अलावा बिहार, झारखंड सहित पूर्व रेलवे के सभी रेलवे स्टेशनों पर की गई है।  रेलवे के अधिकारी ने बताया कि छठ पूजा के गीत के साथ ही ट्रेन संबंधित सूचना भी दी जा रही है। पूर्व रेलवे के सीपीआरओ के अनुसार छठी मइया की गीत 24 घंटे छठ पूजा तक स्टेशनों पर बजेगा।

    महिलाओं में दिखा उत्साह, स्टेशन पर गुनगुना रहीं छठ गीत

    रेलवे का यह सांस्कृतिक प्रयोग यात्रियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। विशेषकर महिला यात्रियों ने रेलवे की इस पहल की सराहना की है। उनका कहना है कि स्टेशन पर छठ गीत सुनना घर लौटने से पहले ही “छठ घाट जैसा माहौल” बना देता है। छठ पूजा लोक आस्था और पारिवारिक एकजुटता का पर्व है। इस पर्व के लोकगीत इसकी आत्मा माने जाते हैं। छठ घाट की ओर जाती महिलाएं जब समूह में “छठी माई के करब हम वरतिया...” जैसे गीत गाती हैं, तो पूरा वातावरण श्रद्धा और विश्वास से भर उठता है। इस परंपरा को सम्मान देने की दिशा में भारतीय रेलवे का यह कदम यात्रियों को अपनी मिट्टी और संस्कृति से जोड़ने वाला साबित हो रहा है।

    छठ पर अनूठी पहल, 30 से अधिक स्टेशनों पर गूंज रहे हैं छठ गीत

    रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेलवे की ओर से यह प्रयास छठ पूजा 2025 में पहली बार किया गया है। छठ पूजा के दौरान हर साल ट्रेन से लाखों लोग दूसरे प्रदेश से अपने घर लौटते हैं। इस बार रेलवे ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 12000 से अधिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया है और हजारों नियमित ट्रेनों से यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की गई है। रेलवे स्टेशन पर छठ गीतों के प्रसारण से न केवल माहौल भक्तिमय बना है, बल्कि यात्रियों को अपने घर पहुंचने से पहले ही छठ पर्व का एहसास हो रहा है।

    इन रेलवे स्टेशनों पर बज रहे छठ पूजा के गीत

    रेलवे के अधिकारियों के अनुसार छठ पूजा के गीत पूर्व रेलवे के भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज, मालदा, हावड़ा, कोलकाता, सियालदह, आसनसोल में रेलवे स्टेशनों पर बजाए जा रहे हैं। पूर्व रेलवे के अन्य स्टेशनों के अलावा देश के अन्य स्टेशनों पर भी छठ पूजा के पवित्र माहौल में छठ गीत बजाने की व्यवस्था की गई है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अंतर्गत रांची, टाटानगर, बोकारो स्टील सिटी, शालीमार, संतरागाछी, खड़गपुर, बालेश्वर, आद्रा, पुरुलिया और बांकुड़ा सहित कई स्टेशनों पर छठ गीत बजाए जा रहे हैं। वहीं कोलकाता, नई दिल्ली, आनंद विहार, पटना, दानापुर, राजेंद्र नगर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, हाजीपुर, सोनपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, सहरसा, जमालपुर, मुंगेर, कटिहार, नरकटियागंज और मोतिहारी जैसे स्टेशनों पर भी यात्रियों का स्वागत छठ गीतों से किया जा रहा है।

    सूर्योपासना व लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का चार दिवसीय अनुष्ठान आज से

    सूर्यषष्ठी/छठव्रत का चार दिवसीय अनुष्ठान नहाय-खाय के साथ शनिवार से आरंभ हो जाएगा। वहीं शुक्रवार को नवगछिया अनुमंडल के विभिन्न गंगाघाटों समेत बिहपुर सभी प्रखंड के गंगाघाटों पर स्नान के लिए छठव्रतियों की भारी भीड़ उमड़ी। जो शनिवार को भी जारी रहेगा। व्रतियों द्वारा महापर्व छठव्रत को लेकर प्रसाद बनाने के लिए गेंहू व अरवा चावल को अच्छे से धोकर व साफ कर घर के आंगन व छतों पर धूप में बैठकर सुखाया जाता है। बता दें कि इस महापर्व में नियम निष्ठा, विधि विधान के साथ साथ स्वच्छता व साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखा जाता है। 

    शनिवार को नहाय खाय के साथ छठ शुरू

    इधर अखिल भारतीय पुरोहित महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पंडित संजय झा ने बताया कि शनिवार को नहाय-खाय सह कद्दूभात से महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो जाएगा। खरना पूजन रविवार को होगा। जिसमें देर शाम में महापर्व का खरना पूजन के पश्चात व्रतियों द्वारा खीर व रसिया खाने के बाद व्रत के समापन/पारण होने तक 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। खरना पूजन पंचमी तिथि को होता है। वहीं छठघाटों पर 27को अस्ताचलगामी सूर्य को व 28 की सुबह उदयगामी आदित्य को अर्पित किया जाएगा। जिसके बाद इस महापर्व का पारण/समापन हो जाएगा।