Bhagalpur Weather Update: बर्फीली बयार बढ़ाई ठंड, 7.6 डिग्री तक लुढ़का पारा
भागलपुर में बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और पारा 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। शीतलहर के कार ...और पढ़ें

भागलपुर का मौसम। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, भागलपुर। भागलपुर में तापमान में लगातार गिरावट जारी है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस वर्ष की अब तक की सबसे सर्द सुबह रही। पश्चिमी हवा भी शहर में ठंड का अहसास कराने में जुटी है।
औसतन 3.4 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा ने ठंड की तीव्रता को और बढ़ा दिया है। हवा और पारे की यह संयुक्त मार आने वाले दिनों में शीतलहर की संभावना को मजबूत कर रही है।
पहाड़ों पर समय से पहले हो रही बर्फबारी
पहाड़ों पर समय से पहले बर्फबारी हो रही है और हिमालयी क्षेत्र से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानों में भी कंपकंपी मचा दी है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार, इस वर्ष ठंड सामान्य से अधिक कड़ाके की हो सकती है।
पिछले दो वर्षों में बर्फबारी देर से हुई थी और तापमान भी काफी कम गिरा था, लेकिन इस वर्ष मौसम का रुख बिल्कुल अलग है। पहाड़ों पर बर्फ की तीव्रता बढ़ने से मैदानी इलाकों में ठंड भी तेज और लंबी होने की आशंका है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक सक्रिय निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। इसके ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती हवाओं का घेरा भी मौजूद है, जो आने वाले दिनों में मौसम के तेवर को बदल सकता है।
वैश्विक मौसमी पैटर्न ला नीना का प्रभाव इस बार अधिक सक्रिय है। ला नीना की स्थिति में तापमान सामान्य से तेजी से गिरता है और ठंड का प्रभाव अधिक दिनों तक बना रहता है।
राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मौसम एजेंसियों ने पहले ही चेतावनी दी है कि इस वर्ष की सर्दी सामान्य से अधिक ठंडी और लंबी हो सकती है। यही कारण है कि दिसंबर की शुरुआत में ही तापमान में इतनी बड़ी गिरावट देखी जा रही है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर के मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी का असर भागलपुर और आसपास के जिलों में पड़ेगा। धुंध का प्रकोप बढ़ेगा और सुबह दृश्यता कम रहेगी। सोमवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि फिलहाल ठंड से राहत की कोई उम्मीद नहीं है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।