शिवम, वैष्णवी व ज्योति का सीसीआरटी छात्रवृत्ति के लिए चयन, किलकारी भागलपुर को बड़ी उपलब्धि; रुपये भी मिलेंगे
भागलपुर के किलकारी कंपनीबाग परिसर के तीन बच्चों - शिवम कुमार (नाटक), वैष्णवी कुमारी (लोक संगीत) और ज्योति कुमारी (हस्तकला) - का राष्ट्रीय स्तर पर सांस ...और पढ़ें

भागलपुर बाल भवन के बच्चों ने रचा इतिहास
जागरण संवाददाता, भागलपुर। किलकारी कंपनीबाग परिसर के बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र (सीसीआरटी), नई दिल्ली की प्रतिष्ठित छात्रवृत्ति के लिए भागलपुर बाल भवन के तीन बच्चों का चयन हुआ है।
चयनित बच्चों में नाटक विधा से शिवम कुमार, लोक संगीत से वैष्णवी कुमारी और हस्तकला से ज्योति कुमारी शामिल हैं। इस उपलब्धि से पूरे बाल भवन में खुशी का माहौल है।
पटना में हुआ था साक्षात्कार परीक्षा
प्रमंडल संसाधन सेवी जितेंद्र कुमार झा ने बताया कि इस छात्रवृत्ति के लिए चयन प्रक्रिया के तहत जनवरी माह में पटना बाल भवन में सीसीआरटी द्वारा साक्षात्कार परीक्षा आयोजित की गई थी।
इस परीक्षा में भागलपुर बाल भवन के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। चयन प्रक्रिया में उनकी मेहनत और प्रशिक्षण का स्पष्ट प्रभाव देखने को मिला।
छात्रवृत्ति से मिलेगा कला को बढ़ावा
चयनित विद्यार्थियों को प्रतिवर्ष 12,600 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। इसमें 3,600 रुपये सीधे बच्चों को दिए जाएंगे, जबकि 9,000 रुपये उनके गुरु या प्रशिक्षक को प्रदान किए जाएंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य बच्चों के साथ-साथ उनके प्रशिक्षण को भी मजबूती देना है, ताकि कला के क्षेत्र में निरंतर विकास हो सके।
बाल भवन के प्रयासों को मिली सफलता
प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक साहिल राज ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता अन्य बच्चों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि किलकारी बाल भवन लगातार बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए कार्य कर रहा है। यह उपलब्धि संस्थान में दिए जा रहे गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण का परिणाम है, जो बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान कर रहा है।
अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा बनी उपलब्धि
इस सफलता से न केवल चयनित बच्चों का मनोबल बढ़ा है, बल्कि अन्य बच्चों के लिए भी यह एक प्रेरणा का स्रोत बन गई है। बाल भवन में अध्ययनरत अन्य प्रतिभागी भी अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक मेहनत करने को प्रेरित हो रहे हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।