बिहार को अब मिलने जा रहा 'सेमीकंडक्टर निर्माण' का बड़ा तोहफा... मोदी सरकार ने कर ली ये तैयारी
Narendra Modi Bihar Rally: बिहार में विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भागलपुर में कहा कि बिहार में अब उद्योगों का नया दौर शुरू हो रहा है। अब सेमीकंडक्टर निर्माण का काम बिहार में होगा। उन्होंने कहा कि विकास अब बिहार से बाहर नहीं जाएगा। गुरुवार को अपने संबोधन में पीएम मोदी ने सबके गिले-शिकवे दूर किए।

Narendra Modi Bihar Rally: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में सेमीकंडक्टर बनाने
जागरण संवाददाता, भागलपुर। Narendra Modi Bihar Rally विकास अब बिहार से बाहर नहीं जाएगा। बिहार में उद्योगों का नया दौर शुरू हो रहा है। बिहार में सेमीकंडक्टर का निर्माण होगा। नए बिजली प्लांट और कारखाने लग रहे हैं। पीएम मोदी ने आने वाले समय के विकसित बिहार की झलक दिखाई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एनडीए नेताओं और कार्यकर्ताओं के गिले-शिकवे दूर कर चले गए। प्रधानमंत्री के चुनावी सभा के दौरान वैसे नेताओं को भी मंच जगह दी गई थी, जो विक्षुब्ध चल रहे थे। प्रधानमंत्री से पार्टी नेताओं द्वारा वैसे लोगों से मुलाकात कराई गई, जिनसे पार्टी को फायदा होगा। साथ ही वैसे लोगों से भी मुलाकात कराई गई, जो पार्टी से नाराज चल रहे थे। मोदी से मिलने के बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता मोदी-मोदी के नारे लगाने लगे। चेहरे पर चमक साफ दिख रही थी।
भाजपा की ओर लगभग दो सौ लोगों की सूची पीएमओ भेजी गई थी। इनमें से 160 लोगों की सूची फाइनल हुई। प्रधानमंत्री भागलपुर व बांका जिले के 11 विधानसभा क्षेत्र के लोगों से मुलाकात की। मुलाकात करने वालों में नाराज लोगों के अलावा वैसे लोगों को शामिल किया गया था, जिनका समाज में वर्चस्व है। प्रधानमंत्री की सभा में केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह को बुलाकर भूमिहार वोटरों को साधने का प्रयास किया गया। साथ ही पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे को मंच पर स्थान दिया गया। चौबे यहां से विधायक व मंत्री रह चुके हैं।
चौबे से प्रधानमंत्री मंच पर चुनाव को लेकर चर्चा करते रहे। चौबे के पुत्र अर्जित शाश्वत चौबे टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय चुनाव लड़ना चाह रहे थे। अंत समय में उन्हें नामांकन करने से रोका गया। इसके कारण कुछ लोगों में नाराजगी देखी जा रही थी। चौबे को मंच पर स्थान देकर ब्राह्मण वोटरों को साधने का प्रयास किया है। साथ से चौबे से जुड़े वोटरों को एकजुटता का संदेश दिया।
मंच पर दो मुस्लिम चेहरे को स्थान दिया गया। पूर्व केंद्रीय मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन व पूर्व राज्यसभा सांसद कहकशां परवीन से वार्ता कर मोदी ने मुस्लिम वोटरों को संदेश दिया। सैयद शाहनवाज हुसैन यहां से सांसद रह चुके हैं। उनका लगातार भागलपुर आना-जाना रहा है। कहकशां परवीन नगर निगम की मेयर रह चुकी है। दोनों ही नेताओं का मुस्लिमों के बीच अच्छी पकड़ है। शाहनवाज हुसैन की ओर से भागलपुरी सिल्क का चादर व मंजूषा पेंटिंग भेंट की गई। बाद में इसकी चर्चा मोदी ने भी की।
मोदी ने चौबे और शाहनवाज का हाथ अपने साथ उठाकर कई संदेश दिए। दोनों के साथ होने की तस्वीर दिखाई। साथ ही खगड़िया के पूर्व सांसद अनिल यादव को मंच पर स्थान दिया गया। अनिल यादव को मंच पर स्थान देकर गोपालपुर व बिहपुर के वोटरों को साधने का प्रयास किया गया। पवन कुमार मिश्रा, डा. प्रीति शेखर को मंच पर स्थान देकर पार्टी में एकजुटता का परिचय दिया गया। साथ ही प्रशांत विक्रम सहित अन्य नाराज नेताओं को मोदी से भेंट कराया गया।
वैश्य वोटरों को साधने के लिए कई प्रतिष्ठित लोगों की मोदी से मुलाकात हुई। मोदी ने मंच से युवा वोटरों को भी साधने का प्रयास किया। बिहार में सेमीकंडक्टर बनाने, यहीं रोजगार देने, कल-कारखाने लगवाने, बिहार को विकसित राज्य बनाने की बात कही। डा. गांगुली बनर्जी व शहीद तिलकामांझी की चर्चा कर बंगाली व संथाली समाज को साधने का प्रयास किया।
सिल्क की चर्चा कर बुनकरों को अपनी ओर आकर्षित किया। मंजूषा कला, अजगैवीनाथ कारीडोर, जलमार्ग, डाल्फिन की चर्चा कर नाविकों को साधने का प्रयास किया। मोदी ने एक जिला एक प्रोडक्ट की चर्चा कर किसानों को आकर्षित किया। मोदी ने अपने भाषण के दौरान सभी जाति, धर्म, वर्ग को साधने का प्रयास किया। खासकर मोदी जीविका दीदी व लखपति दीदी की चर्चा कर महिलाओं को खुश कर चले गए।
गदगद हो गए मोदी, युवा वोटरों ने मोदी-मोदी के लगाए नारे
भागलपुर हवाई अड्डा के मैदान में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मतदाताओं को उत्साहित देख गदगद हो गए। सभा में महिलाओं की सर्वाधिक भीड़ थी। युवा वोटर मोदी-मोदी के नारे लगा रहे थे। मोदी ने सभी वर्गों की भावनाओं का ख्याल रखा। युवाओं के रोजगार की बात कही तो महिलाओं को दिए गए दस-दस हजार की चर्चा। जीविका दीदी व लखपति दीदी की चर्चा की। मोदी ने एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने की बात कही। मोदी ने यह कहकर युवाओं को मोदी-मोदी कहने के लिए विवश कर दिया कि रोजगार उपलब्ध कराने के लिए मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। उन्होंने बिजली बिल कम करने की बात करते हुए पीरपैंती के थर्मल पावर की चर्चा की। उन्होंने टूरिज्म को बढ़ावा देने की बात के दौरान अजगैवी नाथ कारीडोर, डाल्फिन, जलमार्ग की चर्चा की। नाविकों को होने वाले फायदे की बात बताई। मोदी की सभा में सबसे ज्यादा उत्साहित महिलाएं व युवा थे। महिलाएं सभा के दौरान झूम रहीं थी तो युवा नारे लगा रहे हैं। मतदाताओं को उत्साहित देख प्रत्याशी भी उत्साहित दिखे। भारी भीड़ को देखकर प्रत्याशी भी मंच पर खूब गरजे। सड़कों पर भारी भीड़ रही। लोगों का पैदल भी चलना मुश्किल हो रहा था।
सांसदों को नहीं मिला बोलने का मौका
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिला। मंच पर भागलपुर के सांसद अजय कुमार मंडल व बांका के सांसद गिरीधारी यादव मौजूद थे। मंच से सिर्फ प्रत्याशियों के अलावा केंद्रीय मंत्री गिरीराज सिंह, पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन व अश्विनी कुमार चौबे को ही बोलने का मौका मिला। भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पवन मिश्रा ने भी लोगों को संबोधित किया। मोदी के समय से पहले पहुंच जाने की वजह से कई लोग संबोधित करने से वंचित रह गए। मंच पर मेयर डा. बसुंधरा लाल, एमएलसी डा. एनके यादव, विजय कुमार सिंह, पीरपैंती के पूर्व विधायक अमन पासवान, जिलाध्यक्ष संतोष कुमार आदि थे। मंच संचालन स्वेता सुमन कर रहीं थी।
ढोल-नगाड़े के बीच महिलाएं पहुंची हवाई अड्डा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में महिलाएं ढोल-नगाड़ा के बीच पहुंची। श्वेता सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सैकड़ो की संख्या में महिला-पुरुष प्रधानमंत्री की रैली को सफल बनाने के लिए ढोल-नगाड़े के साथ भारत माता की जय, नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारा के साथ पहुंची।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।