Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार की लाइफलाइन : भागलपुर के विक्रमशिला सेतु से यात्रा कर रहे हैं? सतर्क रहें, जाम की संभावना है, तीन माह में 13 की मौतें

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 12:29 PM (IST)

    नवगछिया पुलिस जिले में यातायात व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे बीते तीन महीनों में 13 लोगों की जान जा चुकी है। विक्रमशिला पुल और NH-31 पर लगातार जाम और दु ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    भागलपुर के विक्रमशिला सेतु से यात्रा कर रहे हैं? सतर्क रहें, जाम की संभावना है

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। नवगछिया पुलिस जिले में यातायात व्यवस्था लगातार चौपट होती जा रही है। बीते तीन महीनों में सड़क हादसों में 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एनएच-31 और विक्रमशिला पुल पर जाम की समस्या से आम लोग बेहाल हैं। राज्य स्तर पर ट्रैफिक प्रबंधन की रिपोर्ट में नवगछिया को पांचवें नंबर पर रखा गया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा तय 10 मानकों के आधार पर जारी रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि सड़क सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, नियमों का पालन, दुर्घटना आंकड़ों का संकलन, पीड़ितों को त्वरित उपचार, जागरूकता अभियान और जाम वाले स्थलों की पहचान जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर नवगछिया यातायात पुलिस अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी है।

    विक्रमशिला पुल पर बीते तीन महीनों में 20 से अधिक बार जाम लगा। यह जाम औसतन 3 घंटे से अधिक का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, एनएच-31 पर ओवरस्पीड और ओवरटेकिंग के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन पर भी यातायात पुलिस की प्रभावी पकड़ नहीं दिख रही है।

    नवगछिया से गुजरने वाला एनएच-31 (बेगूसराय-खगड़िया-पूर्णिया) अब राज्य के सबसे खतरनाक मार्गों में शामिल हो गया है। संकरी लेन, खराब सड़क डिजाइन, खराब रोशनी और अनियंत्रित वाहन संचालन के कारण यहां हादसे लगातार हो रहे हैं। केंद्र सरकार ने देशभर में 10 “किलर हाईवे” चिन्हित किए हैं, जिसमें इस मार्ग को भी शामिल किया गया है। परिवहन सचिव से रिपोर्ट मांगी गई है कि सुरक्षा के क्या इंतजाम हैं और वर्तमान स्थिति क्या है। निर्देशों का पालन नहीं होने पर सड़क सुरक्षा बजट में 10-15 प्रतिशत कटौती की चेतावनी भी दी गई है।

    जाम से निपटने के लिए नवगछिया पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। विक्रमशिला टीओपी और जहान्वी चौक पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। पेट्रोलिंग वाहन, ट्रैफिक सिग्नल और स्पीड ट्रैकर लगाने के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं। इसके अलावा जीरोमाइल चौक, मकनपुर चौक और तेतरी-जहान्वी चौक पर भी सुधार योजना बनाई जा रही है।

    भागलपुर और नवगछिया दोनों जगह चौक-चौराहों पर जाम नियंत्रण में पुलिस असफल रही है। गाड़ियों के दबाव से चोक होने पर जाम बढ़ता जाता है। भागलपुर यातायात डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि मुख्य चौक पर ट्रैफिक पोस्ट निर्माण और 24 घंटे पुलिस तैनाती की योजना बनाई जा रही है। आने वाले समय में जाम की समस्या को कम करने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि आम लोगों को राहत मिल सके। इस प्रकार नवगछिया और आसपास के क्षेत्रों में यातायात सुधार के लिए जल्द तकनीकी और प्रशासनिक कदम उठाना आवश्यक हो गया है।