Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bihar Politics: 'हम चाचा का सम्मान करते हैं, लेकिन...'; तेजस्वी ने कह दी नीतीश को चुभने वाली बात!

    Updated: Wed, 08 Oct 2025 10:12 PM (IST)

    राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहलगांव से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का शंखनाद किया। उन्होंने नीतीश कुमार और भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि अब बिहार को एक विजन वाले युवा मुख्यमंत्री की जरूरत है। उन्होंने सरकार बनने पर महिलाओं के खाते में 30 हजार रुपये डालने का वादा किया। तेजस्वी ने केंद्र और राज्य सरकार पर बिहार में विकास न करने का आरोप लगाया और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी घेरा।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। राजद नेता तेजस्वी यादव ने कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का शंखनाद किया। वे झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव की कहलगांव विधानसभा क्षेत्र से की जा रही दावेदारी को समर्थन करने पहुंचे थे। गोराडीह के मध्य विद्यालय बिरनौध में आयोजित जनसभा में उन्होंने नीतीश कुमार और भाजपा पर तीखे हमले किए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कहा कि सरकार बनते ही जनवरी में माई-बहिन योजना के तहत सभी महिलाओं के खाते में एकमुश्त 30 हजार की राशि भेज दी जाएगी। तेजस्वी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पलटू चाचा का हम सम्मान करते हैं, लेकिन उन्होंने जो किया वह पूरा बिहार जानता है। अब वह अचेत अवस्था में हैं और भाजपा ने उन्हें हाईजैक कर रखा है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे तय करें कि उन्हें अचेत मुख्यमंत्री चाहिए या विजन वाला नौजवान मुख्यमंत्री।

    तेजस्वी ने कहा कि आगामी महागठबंधन सरकार सिंचाई, पढ़ाई, दवाई, कमाई और कार्रवाई के पंचसूत्र पर काम करेगी। उन्होंने दावा किया कि 14 नवंबर के बाद बिहार की हर जनता “किंगमेकर” बनेगी। केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा मोदी जी 11 साल से केंद्र में हैं और नीतीश कुमार 20 साल से बिहार में, लेकिन एक भी फैक्ट्री बिहार में नहीं लगी। इनको सिर्फ बिहार से विक्ट्री चाहिए, फैक्ट्री तो यह गुजरात में लगाते हैं।

    तेजस्वी ने कहा कि उनकी राजनीति विकास और रोजगार आधारित होगी। उन्होंने कहा बिहार को अब पलटने नहीं, आगे बढ़ने की जरूरत है। शराबबंदी कानून पर उन्होंने सरकार को घेरा। कहा, बिहार में नाम की शराबबंदी है, हकीकत में यहां होम डिलीवरी हो रही है।

    उन्होंने सृजन घोटाले से भी बड़ा घोटाला सरकार पर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कैग रिपोर्ट के अनुसार 70 हजार करोड़ का घोटाला हुआ है, लेकिन अब तक किसी पर कार्रवाई नहीं हुई।

    तेजस्वी यादव ने कहलगांव से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत कर यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह इस बार बिहार की राजनीति में नई ऊर्जा और रणनीति के साथ मैदान में हैं। इस जनसभा ने तय कर दिया कि झारखंड सरकार के मंत्री संजय यादव के पुत्र रजनीश यादव को कहलगांव से खड़ा कर महागठबंधन युवाओं पर दांव लगा रहा है।

    तेजस्वी की यह सभा न केवल चुनावी अभियान की शुरुआत मानी जा रही है, बल्कि यह नीतीश-भाजपा गठबंधन के खिलाफ महागठबंधन की आक्रामक रणनीति का संकेत भी दे रही है।