Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bhagalpur Vikramshila Setu : 30 नवंबर तक फिर दौड़ेंगी गाड़ियां, तीन स्लैब बदलने की तैयारी; CM सम्राट चौधरी का ऐलान

    Updated: Sun, 31 May 2026 04:30 PM (IST)

    मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि भागलपुर में विक्रमशिला सेतु 30 नवंबर तक वाहनों के लिए फिर से खोल दिया जाएगा। क्षतिग्रस्त तीन स्लैब बदलने की ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    Vikramshila Setu News: तीसरी रिपोर्ट का इंतजार, तीन स्लैब बदलते ही शुरू होगा वाहनों का परिचालन

    HighLights

    1. विक्रमशिला सेतु 30 नवंबर तक फिर से खुलेगा।

    2. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मरम्मत कार्य का निरीक्षण किया।

    3. पुल चालू होने तक मुफ्त आवागमन की व्यवस्था।

    जागरण संवाददाता, भागलपुर। विक्रमशिला सेतु पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू करने को लेकर बिहार सरकार ने बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को भागलपुर पहुंचकर विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से और निर्माणाधीन बेली ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और फिर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 30 नवंबर तक विक्रमशिला सेतु को चालू कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वह स्वयं 30 नवंबर को दोबारा भागलपुर आएंगे और उम्मीद है कि तब तक सेतु पर वाहनों का परिचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक मरम्मत कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया है।

    तीन स्लैब बदलने की तैयारी, रिपोर्ट मिलते ही शुरू होगा कार्य

    सम्राट चौधरी ने बताया कि तकनीकी जांच के दौरान अब तक यह स्पष्ट हुआ है कि सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से समेत कुल तीन स्लैब के सुपर स्ट्रक्चर को बदलने की आवश्यकता है। दो एजेंसियां अपनी जांच रिपोर्ट दे चुकी हैं, जबकि तीसरी एजेंसी की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

    उन्होंने कहा कि तीसरी रिपोर्ट आने के बाद यह पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगा कि केवल तीन स्लैब ही बदलने हैं या फिर किसी अन्य हिस्से में भी तकनीकी खामी है। यदि रिपोर्ट में किसी अतिरिक्त क्षति की पुष्टि नहीं होती है तो तीनों स्लैब बदलने की प्रक्रिया तत्काल शुरू कर दी जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ जल्द से जल्द आवागमन बहाल करना है। इसी उद्देश्य से विशेषज्ञ एजेंसियों की राय लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

    पुल चालू होने तक मुफ्त होगी आवागमन की व्यवस्था

    विक्रमशिला सेतु बंद रहने से भागलपुर और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लाखों लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने राहत भरी घोषणा की है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि जब तक विक्रमशिला सेतु पूरी तरह दुरुस्त होकर चालू नहीं हो जाता, तब तक आम लोगों को असुविधा नहीं होने दी जाएगी। सरकार की ओर से निजी, प्राइवेट और सार्वजनिक आवागमन के लिए निशुल्क व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

    सम्राट चौधरी ने कहा कि गंगा के दोनों किनारों के लोगों की आवाजाही प्रभावित न हो, इसके लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। यात्रियों को किसी प्रकार की अतिरिक्त आर्थिक परेशानी न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

    निरीक्षण के बाद अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक

    मुख्यमंत्री का विमान रविवार दोपहर 1:57 बजे भागलपुर हवाई अड्डे पर उतरा। वहां प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद 2:07 बजे उनका काफिला सीधे विक्रमशिला सेतु पहुंचा।

    सेतु पर पहुंचकर उन्होंने क्षतिग्रस्त हिस्से का बारीकी से निरीक्षण किया और निर्माणाधीन बेली ब्रिज के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। अधिकारियों ने उन्हें मरम्मत कार्य, तकनीकी जांच और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी।

    निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री समीक्षा भवन पहुंचे, जहां उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों और विकास योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में विक्रमशिला सेतु की मरम्मत, बेली ब्रिज निर्माण और क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

    भाजपा प्रशिक्षण वर्ग में भी हुए शामिल

    समीक्षा बैठक समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भाजपा के प्रशिक्षण वर्ग में शामिल होने के लिए पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय रवाना हो गए। वहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लिया।

    मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर पूरे दिन गतिविधियां तेज रहीं। वहीं विक्रमशिला सेतु को लेकर की गई घोषणा से भागलपुर, नवगछिया, कटिहार, पूर्णिया और कोसी-सीमांचल क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि लंबे समय से प्रभावित यातायात व्यवस्था जल्द सामान्य हो सकेगी।