आरा में घर से नाटक देखने गए युवक की गोली मारकर हत्या, पुरानी रंजिश का मामला
बिहार के आरा जिले में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह घर से नाटक देखने गया था। पुलिस के अनुसार, हत्या पुरानी रंजिश का मामला है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

बजेन गांव में युवक की गोली मारकर हत्या। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के बजेन गांव में गुरुवार की रात नाटक देखने के दौरान बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात उस समय घटी जब मृतक का बड़ा भाई भी घटनास्थल पर मौजूद था।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक बजेन गांव वार्ड संख्या दो निवासी राजेंद्र सिंह का 28 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार था। वह गांव पर रहकर खेती करता था। बताया जाता है कि बदमाशों ने उसे बेहद करीब से चार गोलियां मारीं है।
एक दाएं तरफ सीने में, एक नाभि के ऊपर पेट में, एक दाएं पसली में और एक गोली पीठ पर लगी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।। सूचना मिलते ही स्वजन ने चरपोखरी थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक चंदन कुमार एक वर्ष पहले ही हत्या के एक मामले में जेल से जमानत पर छूटकर आया था। वर्ष 2023 में उसने अपने पट्टीदार धर्मदेव सिंह के पुत्र उपेंद्र सिंह की लाठी-डंडे से पिटाई कर हत्या कर दी थी।
उसी मामले में पुलिस ने चंदन को गिरफ्तार किया था। माना जा रहा है कि उसी पुराने विवाद और प्रतिशोध में उसकी हत्या की गई है।मृतक के बड़े भाई विनोद कुमार ने बताया कि करीब ढाई–तीन वर्ष पूर्व पट्टीदार सत्येंद्र सिंह से झगड़े के दौरान उपेंद्र सिंह की मौत हुई थी।
उस मामले में चंदन को आरोपित बनाकर जेल भेजा गया था। वह एक वर्ष पहले जमानत पर बाहर आया था, जिसके बाद से दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
विनोद कुमार के अनुसार गुरुवार की रात वह अपने भाई के साथ घर से लगभग सौ मीटर दूर गोवर्धन पूजा के दौरान नाटक देख रहा था। पहला नाटक खत्म होने के बाद चंदन पेशाब करने के लिए बाहर गया था। उसी दौरान घात लगाए बैठे बदमाशों ने दो लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया और चार गोलियां मार दीं।
विनोद कुमार ने गांव के ही पप्पू, अजीत, संजीत, गौरी शंकर और सत्येंद्र सिंह पर झगड़ा करने तथा राजू, अजीत, गौरी शंकर और संजीत पर गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
उन्होंने यह भी बताया कि दो वर्ष पूर्व बाबूबांध पंचायत के मुखिया संजय सिंह की हत्या के मामले में आरोपी राजू का नाम सामने आया था। वह उस केस में जेल जाकर जमानत पर बाहर है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।