Bihar: महिलाओं को इसी महीने मिलने लगेंगे 10000 रुपये, भोजपुर में 48 घंटों में मिले 1.95 लाख आवेदन
बिहार में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को लेकर महिलाओं में भारी उत्साह है। इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को 2 लाख रुपये तक के घरेलू रोजगार के लिए आर्थिक सहायता मिलेगी जिसमें पहली किस्त के रूप में 10000 रुपये दिए जाएंगे। दो दिनों में ही लगभग दो लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं।

राणा अमरेश सिंह, आरा। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले घोषित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना NDA के लिए मास्टर स्ट्रोक साबित हो सकती है। महिलाओं का उत्साह यही बता रहा है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला सदस्य को 2 लाख रुपये तक के घरेलू रोजगार के लिए पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
सात सितंबर से जिले में इस योजना के तहत जीविका समूहों में आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू हुई है। दो दिनों में ही नौ सितंबर तक एक लाख 95 हजार 67 आवेदन प्राप्त हे चुके हैं। यह जिले में कुल जीविका दीदी के दो लाख 50 हजार 418 का 78 प्रतिशत हिस्सा है। जिले के सभी 14 प्रखंडों में के कार्यालय में आवेदन लेने की प्रक्रिया चल रही है।
जिले के छह प्रखंडों में बाढ़ के कारण आवेदन इकट्ठा करने में परेशानी हो रही है। आरा सदर प्रखंड के प्रखंड परियोजना पदाधिकारी विशाल कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ के कारण गांवों से आवेदन लाने में परेशानी हो रही है। वसंतपुर बहेया गांव में जीविका दीदी के 1200 आवेदन तैयार है, लेकिन बाढ़ के कारण आवागमन का साधन नहीं होने के कारण आवेदन अभी तक नहीं पहुंच सका है।
जीविका के जिला संचार प्रबंधक मनीष कुमार ने बताया कि सभी प्रखंडों में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए आवेदन आ रहे हैं। प्रखंड मुख्यालय में ग्राम संगठन के जीविका दीदी आवेदन में दर्ज प्राथमिक डेटा की जांच कर रही है। इसमें जीविका दीदी के नाम, उसका आधार संख्या और बैंक का खाता संख्या आदि की जांच हो रही है। सब कुछ दुरुस्त करने के बाद इसका डेटा इंट्री किया जा रहा है। उसे राज्य स्तरीय जीविका दीदी कार्यालय में भेज दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि हर हाल में 14 सितंबर तक आवेदन की साफ्ट कापी को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।
इसी माह योग्य पात्र के खाते में आने लगेगी राशि
आरा सदर के प्रखंड परियोजना पदाधिकारी विशाल कुमार ने बताया गया कि सरकार द्वारा योग्य महिला लाभार्थी को पहली किस्त डीबीटी के माध्यम से 10 हजार रुपये की राशि इसी महीने की तीसरे सप्ताह से बैंक खाते में आने लगेगी। जैसे-जैसे डेटा को ऐप पर अपलोड किया जाएगा, वैसे-वैसे महिला लाभार्थियों के बैंक खाते में राशि आएगी।
आवेदन को अपलोड करने और राशि भेजे जाने के संबंध में अंतिम तिथि सुनिश्चित नहीं की गई है। समझा जा रहा है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले सभी पात्र लाभार्थियों के खाते में 10 हजार रुपये की राशि पहुंच जाय। बाद में रोजगार शुरू करने के बाद चरणबद्ध रूप से दो लाख रुपये में से शेष राशि दी जाएगी।
नगर पंचायत में किया जा रहा प्रचार
जिले के सभी नगर पंचायत यथा आरा सदर, कोइलवर, पीरो, गड़हनी, शाहपुर, जगदीशपुर, उदवंत नगर और बिहिया नगर पंचायत में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से लाभान्वित करने के लिए लेकर प्रचार प्रसार किया जा रहा है। नगर के सभी वाडौं में प्रचार वाहन के माध्यम से महिलाओं तक योजना की विस्तृत जानकारी पहुंचाई जा रही है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं योजना का लाभ उठा सकें।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। नगर पंचायत की ओर से बताया गया कि जीविका समूह से जुड़ी महिलाएं अपने समूह के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी। इस बाबत जिला मुख्यालय के नगर निगम में नेशनल अरबन लाइवउड मिशन (एनयूएलएम) काम कर रहा है। उसको जीविका मदद कर रहा है।
आवेदन के साथ शामिल करने हैं कागजात
जीवका दीदी को अपने कार्यालय से निश्शुल्क आवेदन प्राप्त हो रहे हैं। जिसे जीविका दीदी भरक जमा कर रही है। इसके साथ आधार कार्ड और बैंक का खाता संख्या की कापी शामिल किया जा रहा है। इसका सत्यापन भी विभाग द्वारा किया जा रहा है, ताकि आवेदन में दर्ज डेटा में त्रुटि नहीं हो। खाता किसी भी बैंक का हो सकता है, बस वह 'डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर' यानी डीबीटी से लिंक होना चाहिए।
एक नजर में जीविका दीदी का आवेदन
प्रखंड | जीविका समूह | कुल संख्या | प्राप्त आवेदन की संख्या | प्रतिशत |
---|---|---|---|---|
अगिआंव | 1386 | 16811 | 15596 | 92.8 |
आरा सदर | 1702 | 19365 | 15827 | 81.7 |
बड़हरा | 2115 | 24043 | 19647 | 81.7 |
बिहिया | 1179 | 13386 | 8022 | 59.9 |
चरपोखरी | 1093 | 12426 | 8338 | 67.1 |
गड़हनी | 919 | 11152 | 8531 | 76.5 |
जगदीशपुर | 2254 | 26318 | 16728 | 63.6 |
कोइलवर | 1431 | 16643 | 13960 | 83.9 |
पीरो | 2188 | 25795 | 23925 | 92.8 |
सहार | 1230 | 14229 | 14022 | 98.5 |
संदेश | 1099 | 13383 | 10896 | 81.4 |
शाहपुर | 1872 | 21090 | 13783 | 65.4 |
तरारी | 1754 | 20220 | 15203 | 75.5 |
उदवंनगर | 1344 | 15557 | 10589 | 68.1 |
यह भी पढ़ें- Bihar Government: महिलाओ को कैसे मिलेंगे 10000 रुपये, घर बैठे भर सकते हैं फॉर्म; जानिए आसान तरीका
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।