भोजपुर NH-922 पर भीषण सड़क हादसा: स्कूल वाहन, कंटेनर और ऑटो की टक्कर में एक दर्जन घायल; सामने आई पूरी सूची
भोजपुर के कोइलवर में NH-922 पर बुधवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। कुल्हड़िया गांव के पास स्कूल वाहन, कंटेनर और ऑटो की टक्कर हो गई, जिसमें करीब एक दर्जन ...और पढ़ें

एनएच-922 पर भोजपुर सड़क हादसा
जागरण संवाददाता, कोईलवर (भोजपुर)। भोजपुर जिले के कोइलवर थाना क्षेत्र में एनएच-922 पर बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हुआ। कुल्हड़िया गांव के समीप स्कूल वाहन, कंटेनर और ऑटो की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए आगे आए। कुछ देर के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा। घटना ने इलाके में दहशत फैला दी।

एक दर्जन घायल, बच्चों-शिक्षिकाओं समेत कई जख्मी
इस हादसे में करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में स्कूल के बच्चे, शिक्षिकाएं और वाहन चालक शामिल हैं।
ऑटो सवार भी इस टक्कर की चपेट में आ गए। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है।

स्थानीय लोगों की मदद से चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। घायलों को सीएचसी कोइलवर ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर किया गया।
डॉक्टरों की टीम लगातार इलाज में जुटी है। अस्पताल में परिजनों की भीड़ लग गई। घटना से सभी लोग चिंतित हैं।
रांग साइड से चलने पर हुई टक्कर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बक्सर-पटना लेन में जाम लगा हुआ था। जाम के कारण कई वाहन रांग साइड से चल रहे थे। स्कूल वाहन भी गलत दिशा में जा रहा था।
इसी दौरान सामने से आ रहे कंटेनर से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो भी इसकी चपेट में आ गया। लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात बहाल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। इसके बाद यातायात को सामान्य किया गया।
कुछ समय तक हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दोषियों पर कार्रवाई की तैयारी है।
घायलों की सूची
घायलों में यश राज (7 वर्ष), युवराज (9 वर्ष, वर्ग-4), दोनों पिता मिथलेश कुमार शामिल हैं। पुष्कर (6 वर्ष, वर्ग-1, पिता मुकेश कुमार सिंह), अभिषेक (5 वर्ष, यूकेजी, पिता सरोज कुमार) भी घायल हैं।
हर्षिता कुमारी (10 वर्ष, वर्ग-4, पिता विशाल कुमार), निर्मला कुमार (5 वर्ष, वर्ग-1, पिता चन्द्रगुप्त कुमार सिंह) शामिल हैं।
पीहू कुमारी (6 वर्ष, वर्ग-2, पिता राकेश सिंह) गंभीर रूप से जख्मी हैं। स्कूल की शिक्षिकाएं हेमा कुमारी और प्रियंका कुमारी भी घायल हुई हैं।
वाहन चालक सुमन कुमार (34 वर्ष, पिता रामजी राय, निवासी गीधा) तथा ऑटो सवार मुस्तफा उर्फ गुड्डू (30 वर्ष) और उनका पुत्र जहीरुद्दीन (6 वर्ष) भी घायल हैं, जो इलाज के लिए सीएचसी कोइलवर जा रहे थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।