Bihar Weather Update: छठ तक रहेगा खुशगवार मौसम, पर्व के बाद गुलाबी सर्दी देगी दस्तक
बिहार में छठ पर्व तक मौसम सुहावना बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहेगा। छठ के बाद गुलाबी सर्दी की शुरुआत होने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड का एहसास होगा।

छठ तक रहेगा खुशगवार मौसम, पर्व के बाद गुलाबी सर्दी देगी दस्तक
जागरण संवाददाता, आरा। मौसम का मिजाज इन दिनों बेहद सुहावना बना हुआ है। सूर्य देव के तेवर नरम पड़ गए हैं और ठंडी हवाओं ने लोगों को सुबह-शाम सुकून का एहसास कराना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग का कहना है कि छठ पर्व तक मौसम खुशगवार रहेगा, लेकिन पर्व बीतते ही गुलाबी सर्दी दस्तक देगी। अगले छह दिनों में तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बुधवार से हल्की वर्षा की भी संभावना जताई गई है, जिससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने और बादलों की हलचल के कारण पारा लगातार नीचे आएगा। दिन के तापमान में कमी के साथ ही सुबह और देर शाम ठंडक महसूस की जाएगी।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम तापमान में निरंतर गिरावट दर्ज होगी। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी दो से तीन डिग्री की कमी आने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में हल्की धूप और शाम को चलती ठंडी हवा ने मौसम को मनभावन बना दिया है। बाजारों और घाटों पर छठ की तैयारियों के बीच यह मौसम लोगों को खूब भा रहा है। छठ पर्व के बाद जैसे ही हल्की बारिश और उत्तर की ठंडी हवाएं मिलेंगी, गुलाबी सर्दी पूरी तरह से दस्तक दे देगी।
सप्ताह भर का संभावित तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| दिन | न्यूनतम | अधिकतम |
|---|---|---|
| शनिवार | 24 | 32 |
| रविवार | 24 | 31 |
| सोमवार | 24 | 31 |
| मंगलवार | 24 | 31 |
| बुधवार | 24 | 27 |
| गुरुवार | 24 | 26 |
| शुक्रवार | 23 | 27 |

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।