भोजपुर में सास-बहू की कलह खूनी वारदात में तब्दील, घरों में बढ़ रही हिंसा की घटनाएं
सास-बहू के विवाद ने हत्या का रूप ले लिया जबकि एक में सास को गोली मार दी गई। इन घटनाओं ने भोजपुर ही नहीं पूरे समाज को झकझोर दिया है। सास-बहू के रिश्ते को परिवार की एकता और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। लेकिन जब यही रिश्ता नफरत और हत्या में बदल जाए तो समाज के लिए यह सबसे बड़ा आघात है।

दीपक. जागरण, आरा(भोजपुर)। सास-बहू का झगड़ा भारतीय समाज में कोई नया किस्सा नहीं है। यह मुद्दा टीवी धारावाहिकों से लेकर रोजमर्रा के जीवन में अक्सर सामने आता है। घर-परिवार के बीच आपसी तकरार को लोग सामान्य मानते हैं। लेकिन जब यही विवाद खून-खराबे और हत्या तक पहुंच जाए तो यह न सिर्फ भयावह है बल्कि सामाजिक ताने-बाने पर भी बड़े सवाल खड़ा करता है। भोजपुर जिले में हाल के दिनों में घटी तीन बड़ी घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है।
इनमें दो मामलों में सास-बहू के विवाद ने हत्या का रूप ले लिया, जबकि एक में सास को गोली मार दी गई। इन घटनाओं ने भोजपुर ही नहीं, पूरे समाज को झकझोर दिया है। सास-बहू के रिश्ते को परिवार की एकता और परंपरा का प्रतीक माना जाता है। लेकिन, जब यही रिश्ता नफरत और हत्या में बदल जाए तो समाज के लिए यह सबसे बड़ा आघात है।
केस स्टडी-01
संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव निवासी आशा स्वास्थ्य कर्मी मनोरमा देवी को गोली मारी गई थी। जख्मी आशा कर्मी मनोरमा देवी के पति भगवान साह के बयान पर प्राथमिकी हुई थी। सास व बहू विवाद में घटना घटित हुई थी। एफआईआर में विवाहिता के मायके वालों रोहतास के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के शिवपुर हाल्ट, महादेवनगर नगर, टेढ़की पुल निवासी समधी रमुन कुमार गुप्ता, उनके भाई उमेश साह को नामजद व दो अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया था। पुलिस ने आरोपित समधी रमुन कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में घटना के षड्यंत्र में संलिप्तता स्वीकार की थी।
केस स्टडी -02
दो जुलाई को संदेश थाना क्षेत्र के कोरी गांव में महज सीढ़ी पर चढ़ने के विवाद को लेकर उपजे विवाद में एक बहू ने अपनी ही सास की पत्थर से मारकर हत्या कर दी थी। मृतका 70 वर्षीय मालती देवी संदेश थाना क्षेत्र के कोरी गांव निवासी स्व. रामदेव प्रसाद की पत्नी थी। पुलिस ने आरोपित बहू नीलम देवी को गिरफ्तार कर लिया था। छत पर जाने के लिए लोहे की सीढ़ी लगी हुई थी। मालती देवी गेहूं डालने के लिए उसी सीढ़ी पर चढ़कर छत पर जा रही थी, तभी उसकी छोटी बहू नीलम देवी विरोध करने लगी थी।
केस स्टडी -03
पांच जुलाई को मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव में बहू ने मारपीट कर अपने सास की हत्या कर दी थी। मृतका 62 वर्षीय देवंती देवी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जमीरा गांव वार्ड नंबर आठ निवासी राधा किशुन राय की पत्नी थी। पैसे को लेकर उपजे विवाद में घटना को अंजाम दिया गया था। बहू और बेटे पर आरोप लगा था। पुलिस ने दोनों बहू और बेटा को गिरफ्तार कर लिया है।
सामाजिक दृष्टिकोण
समाजशास्त्री ए के सिंह का मानना है कि सास-बहू के रिश्तों में तनाव नई बात नहीं है, लेकिन इसका हिंसक होना चिंता का विषय है। पारिवारिक संवाद की कमी, आपसी सम्मान में गिरावट और आर्थिक दबाव ऐसे झगड़ों को और भड़काते हैं। पहले जहां विवाद घरेलू कलह तक सीमित रहते थे, वहीं अब ये हिंसा और हत्या का रूप ले रहे हैं। यह भारतीय पारिवारिक मूल्यों के लिए खतरे की घंटी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।