Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आरा में बदमाशों का तांडव, जमानत पर लौटे युवक को मारी गोली; पिता का फोड़ दिया सिर

    Updated: Mon, 01 Sep 2025 05:45 PM (IST)

    भोजपुर जिले के बहोरनपुर में बाइक सवार बदमाशों ने एक पिता-पुत्र पर हमला किया जिसमें पुत्र को गोली लगी और पिता का सिर फोड़ दिया गया। घायलों को आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है।

    Hero Image
    अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज। (जागरण)

    जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बहोरनपुर थाना क्षेत्र के बहोरनपुर बांध के समीप सोमवार की अपराह्न करीब तीन बजे हथियार बंद तत्वों ने पिता-पुत्र को निशाना बनाया।

    इस दौरान पुत्र को गोली मार दी गई। जबकि, पिता के सिर पर हथियार के बट से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।

    गोली से घायल 17 वर्षीय किशोर सुजीत कुमार दामोदरपुर गांव वार्ड संख्या- नौ निवासी सुनील राय का पुत्र है। 50 वर्षीय घायल पिता सुनील राय को सिर में चोटें आई है। इस घटना को प्रतिशोध से जाेड़कर देखा जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घायल किशोर को पीठ के भाग में गोली लगी है। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सगे भाइयों राजू राय और अमरेंद्र राय को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, कांड में प्रयुक्त हथियार नहीं मिला है। पुलिस ने कांड में प्रयुक्त बाइक को जब्त कर लिया है।

    इलाज बाबू बाजार स्थित सर्जन डॉ. विकास सिंह के निजी अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार सुजीत सोमवार को अपने पिता सुनील राय के साथ बाइक से आरा कोर्ट में तारीख पर गया था। जब दोनों वापस लौट रहे थे, तभी बहोरनपुर बांध के समीप बाइक सवार दो आरोपितों ने उन्हें रोक लिया।

    हमलावरों ने पहले सुजीत को निशाना बनाया और उसकी पीठ में गोली मार दी। इसके बाद सुजीत के पिता सुनील राय को हथियार के बट से सिर पर प्रहार कर बुरी तरह जख्मी कर दिया।

    घायल सुजीत कुमार ने बताया कि हमला करने वाले गांव के ही राजू राय और अमरेंद्र राय थे। उसने आरोप लगाया कि इसी वर्ष फरवरी में राजू राय के भाई धर्मेंद्र कुमार राय की हत्या हुई थी। उस मामले में उसे भी आरोपित बनाया गया था, जबकि उसका उस घटना से कोई लेना-देना नहीं था।

    उसी रंजिश में पिता-पुत्र पर गोली चलाई गई। बहोरनपुर थानाध्यक्ष सुशांत कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दामोदरपुर गांव निवासी राजू राय और उसके भाई अमरेंद्र राय को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ चल रही है।

    छह माह पूर्व सीएसपी संचालक की हत्या में आया था नाम

    मालूम हो कि तीन फरवरी को बहोरनपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी सीएसपी संचालक धर्मेंद्र कुमार राय की बहोरनपुर बांध के समीप लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस दिन धर्मेंद्र राय गौरा बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक से चार लाख रुपये निकालकर लौट रहे थे।

    तभी अपराधियों ने उनकी हत्या कर पैसे भी लूट लिए थे। इस मामले में मृतक के भाई धीरेंद्र राय के बयान पर प्राथमिकी हुई थी।

    पुलिस अनुसंधान के क्रम में जख्मी सुजीत राय का नाम भी सामने आया था और उस पर लाइनर का काम करने का आरोप लगा था। पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था। इसी विवाद को लेकर सोमवार को एक बार फिर गोलीबारी हुई है।

    comedy show banner