बक्सर में नगर परिषद के लिए प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन, प्रचार का दौर तेज
उप मुख्य पार्षद और वार्ड 20 के पार्षद पद के लिए 28 जून को मतदान होगा जबकि मतगणना 30 जून को की जाएगी। दोनों ही पद अति पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हैं जिससे महिला उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। उप मुख्य पार्षद पद के लिए कुल छह महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है।

जागरण संवाददाता, बक्सर। नगर परिषद के दो महत्वपूर्ण पदों पर उपचुनाव की घोषणा के साथ ही माहौल गर्म हो गया है। उप मुख्य पार्षद और वार्ड 20 के पार्षद पद के लिए 28 जून को मतदान होगा, जबकि मतगणना 30 जून को की जाएगी। दोनों ही पद अति पिछड़ा वर्ग महिला के लिए आरक्षित हैं, जिससे महिला उम्मीदवारों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। शुक्रवार को सभी उम्मीदवारों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन कर दिया गया है। इसी के साथ अब चुनाव प्रचार की गति तेज होने की उम्मीद है।
उप मुख्य पार्षद के लिए छह महिला ने किया नामांकन
उप मुख्य पार्षद पद के लिए कुल छह महिला प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया है। इनमें अंजली देवी, संजू देवी, बेबी देवी, मनीषा चौधरी, कुलसुम खातून और सोनी देवी प्रमुख हैं। यह पद इशरत बानो के इस्तीफे के बाद से रिक्त चल रहा था। वहीं, वार्ड संख्या 20 की पार्षद मेहरून खातून के निधन के कारण उस पद पर भी उपचुनाव कराया जा रहा है।
वार्ड पार्षद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में
वार्ड पार्षद पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें दिवंगत पार्षद मेहरून खातून की पुत्री हिना परवीन के साथ-साथ सपना देवी और किरण देवी ने भी अपनी दावेदारी पेश की है। नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब प्रत्याशी जनसंपर्क के जरिए अपने समर्थन में माहौल बनाने में जुटे हैं।
तैयारियां पूरी कर ली गई हैं
चुनाव आयोग की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने भी कमर कस ली है। आगामी दिनों में चुनावी सरगर्मी और तेज होने की संभावना है, क्योंकि महिला प्रत्याशी घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रही हैं। नगर परिषद उपचुनाव में महिला प्रतिनिधित्व का यह नया दौर स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण परिवर्तन की ओर इशारा कर रहा है। अब देखना यह होगा कि जनता किसे अपना जनप्रतिनिधि चुनती है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।