Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मतदान तो हो गया... पर घर लौटे तो टूटी दुनिया, दरभंगा में दर्दनाक घटना

    By Vijay Kumar Rai Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Fri, 07 Nov 2025 03:48 PM (IST)

    दरभंगा के केवटी प्रखंड में एक हृदयविदारक घटना घटी, जहां मतदान के दौरान एक पांच वर्षीय बालक आयुष कुमार की नदी में डूबने से मौत हो गई। माता-पिता के मतदान के लिए जाने के बाद, आयुष अन्य बच्चों के साथ खेलने निकला और नदी में डूब गया। एसडीआरएफ की टीम ने बच्चे के शव को बरामद किया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

    Hero Image

    इस खबर में प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। 

    संवाद सहयोगी, केवटी (दरभंगा)। प्रखंड क्षेत्र के शेखपुरदानी पंचायत अंतर्गत कदमटोली कन्हैया धाट के पास नदी में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान कदमटोली (वार्ड संख्या-8) निवासी सुरेंद्र सदाय के पांच वर्षीय पुत्र आयुष कुमार सदाय के रूप में हुई है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    घटना के संबंध में बताया जाता है कि आयुष के माता-पिता वोट डालने के लिए बूथ पर गए थे। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे वह गांव के अन्य बच्चों के साथ घर से बाहर निकल गया।

    घर पर नहीं पाया तो शुरू हुई उसकी तलाश

    मतदान कर लौटने पर जब परिजनों ने आयुष को घर पर नहीं पाया तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद आशंका जताई गई कि वह नदी में चला गया होगा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने पंचायत के मुखिया एहसान कुरैशी को दी।

    मछुआरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई

    सूचना मिलने पर मुखिया ने सीओ भास्कर कुमार मंडल और थानाध्यक्ष सदन राम को घटना की जानकारी दी। दोनों अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

    इसके बाद स्थानीय मछुआरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई गई, लेकिन देर रात तक सफलता नहीं मिली। इसी बीच सूचना पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची और रात से लेकर गुरुवार दोपहर तक करीब पांच घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद बच्चे का शव नदी से बरामद किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया।

    सीओ भास्कर कुमार मंडल ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्वजनों को सरकारी प्रावधान अनुसार अनुग्रह राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं मुखिया ने मृतक के अंतिम संस्कार के लिए कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये देने की बात कही। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। आयुष पांच भाइयों में सबसे छोटा था।