Kusheshwar Asthan vidhan sabha Seat 2025: बदली है तस्वीर, अभी और चमकाने की जरूरत
Kusheshwar Asthan Assembly Seat 2025 तटबंध का निर्माण और स्लूस गेट बनने के कारण चार पंचायतों को छोड़ अन्य को बाढ़ से मुक्ति मिली। कमला बलान के पश्चिमी तटबंध के पक्कीकरण व कुशेश्वरस्थान-फुलतोड़ा सड़क से आवागमन में सुविधा हुई है। हालांकि अभी विकास के काम और किए जाने की आवश्यकता है।

अरुण कुमार राय, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा)।Bihar Vidhan sabha Chunav 2025 / Kusheshwar Asthan vidhan sabha Seat 2025 / Kusheshwar Asthan Assembly Seat 2025: जिला मुख्यालय से 65 किलोमीटर दूर कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र वर्ष 2009 के परिसीमन में सिंघिया विधानसभा से अलग होकर अस्तित्व में आया था। यह विधानसभा क्षेत्र समस्तीपुर लोकसभा में है।
अपनी भौगोलिक विषमता, नदी-नाले का प्रवाह और प्रशासनिक उपेक्षा के कारण पिछड़े क्षेत्रों में गिना जाता है। कोसी एवं कमला बलान सहित कई अन्य छोटी-बड़ी नदियों में हर साल आने वाली बाढ़ की त्रासदी झेलने को अभिशप्त यह इलाका मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
हालांकि, बीते पांच वर्षों में करेह नदी के उत्तरी तटबंध को फुहिया में मिला देने तथा 12 फाटक के स्लूस गेट बनने से यहां की तस्वीर बदली है। अब कुशेश्वरस्थान प्रखंड की सभी 14 तथा पूर्वी प्रखंड की एक नगर पंचायत सहित छह पंचायतें बाढ़ से पूरी तरह सुरक्षित हैं।
जर्जर सतीघाट राजघाट मार्ग। जागरण
अभी पूर्वी प्रखंड की चार पंचायतों को बाढ़ से मुक्ति नहीं मिली है। कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध के पक्कीकरण एवं कुशेश्वरस्थान-फुलतोड़ा सड़क बनने से आवागमन की सुविधा में बढ़ी है। कुशेश्वरस्थान को जिला मुख्यालय दरभंगा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क चकाचक है।
2020 के विधानसभा चुनाव में यहां से जदयू के उम्मीदवार शशिभूषण हजारी चुनाव जीते थे, लेकिन उनके असामयिक निधन के बाद 2021 में मध्यावधि चुनाव हुआ। इसमें दिवंगत शशिभूषण हजारी के पुत्र जदयू उम्मीदवार अमन भूषण हजारी ने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजद के उम्मीदवार गणेश भारती को 1200 वोटों से हराया था।
विधायक निधि से खर्च
मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से वर्ष 2021-22, 2022-23 एवं 2023-24 में प्राप्त नौ करोड़ में से पूरी राशि खर्च हो गई है। वहीं, 2024-25 में प्राप्त चार करोड़ की राशि में से साढ़े तीन करोड़ से अधिक राशि खर्च हो गए हैं। शेष राशि से योजना का चयन कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा गया है।
ये काम हुए
- करेह नदी के उत्तरी तटबंध को छेछनी से फुहिया में मिलाकर स्लूस गेट का निर्माण।
- कमला बलान नदी के पश्चिमी तटबंध में पक्की सड़क बनी।
- समैला-झझरा, बहोरबा-कुबोटन, मोरकाही-पकाही सड़क का निर्माण ।
- सतीघाट पांडो वाया हिरणी एवं बेर चौक सुल्तानपुर, हरौली पावर ग्रिड से पैकाचराई तक सड़क निर्माण।
- धोबलिया से पकड़िया वाया बरनिया सड़क निर्माण।
- पीएचसी सतीघाट कुशेश्वरस्थान पूर्वी का भवन निर्माण।
- सतीघाट में बुनियादी केंद्र का भवन निर्माण।
ये समस्याएं नहीं हो सकीं दूर
- सतीघाट राजघाट सड़क का निर्माण नहीं।
- सोहरबा में कमला नदी पर पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं।
- बंद सकरी-हसनपुर तथा खगड़िया-कुशेश्वरस्थान रेललाइन का निर्माण अधर में।
- प्रस्तावित पक्षी विहार योजना पर कोई काम नहीं हुआ।
- डिग्री कालेज की स्थापना नहीं।
काम जो हो रहे
- कुशेश्वरस्थान थाने का भवन निर्माणाधीन।
- पीएचसी सतीघाट में भवन निर्माण निर्माणाधीन।
- एसएच 56 से समौरा तक सड़क निर्माण।
- फकदोलिया बजरंग बली मंदिर से एसएच 56 तक सड़क निर्माण जारी।
- सुघराईन उच्च विद्यालय से प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण चल रहा।
विधानसभा : एक नजर में
कुल मतदाता | 2,57,153 |
महिला | 1,21,974 |
पुरुष | 1,35,178 |
थर्ड जेंडर | 01 |
कहते हैं ग्रामीण
क्षेत्र में काफी विकास कार्य हुए हैं। करेह नदी के उत्तरी तटबंध और इसमें स्लूस गेट का निर्माण होने से लोगों को बाढ़ से मुक्ति मिली है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। विधायक लोगों के सुख-दुख में हमेशा साथ रहते हैं।
अखिलेंद्र कुमार सिंह, बड़गांव
क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। स्थानीय विधायक प्रखंड मुख्यालय एवं मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए एक पक्की सड़क और पुल तक नहीं बनवा पाए। शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी काम नहीं हुआ।
विनोद कुमार यादव, पचहरा बुजुर्ग
कुशेश्वरस्थान में विकास के नाम पर लूट हुई है। यही कारण है कि सड़क एवं पुल-पुलिया में गुणवत्तापूर्ण काम नहीं हुआ है। सड़कें तो बनी हैं, परंतु निर्माण के साथ ही वह टूटने लगी हैं।
लालन नायक, कुबोटन
विधायक की अनुशंसा पर जितनी भी योजनाएं चली हैं, सभी में व्यापक पैमाने पर लूट-खसोट हुई है। सतीघाट राजघाट मार्ग का निर्माण चार वर्षों से अधर में है। प्रखंड व अंचल कार्यालय में कोई काम बिना घूस दिए नहीं होता है।
राणा जवाहर सिंह, बलहा
नहीं हुआ कोई विकास कार्य
क्षेत्र में कोई काम नहीं हुआ है। सुघराईन पंचायत में सड़क निर्माण नहीं होने से जनता में आक्रोश है। कुशेश्वरस्थान प्रखंड की सात पंचायतों की लाइफ लाइन सतीघाट राजघाट मार्ग के निर्माण की मांग पूरी नहीं हुई। बिरौल प्रखंड के सोनपुर पघारी पंचायत के लोग सड़क निर्माण नहीं होने से परेशान हैं। बिषहरिया पंचायत में भी सड़क को लेकर यही हाल है। प्रखंड व अंचल कार्यालय में जनप्रतिनिधियों के संरक्षण में भ्रष्टाचार चरम पर है। पंचायतों की सभी योजनाओं में लूट-खसोट मची है। सरकार की नल-जल योजना पूरी तरह फेल है।
गणेश भारती, प्रतिद्वंद्वी
हर क्षेत्र में किया विकास कार्य
शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और सिंचाई के क्षेत्र में काफी काम हुआ है। कुशेश्वरस्थान शिव मंदिर के सुंदरीकरण के लिए पर्यटन विभाग ने 44 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इस पर बहुत जल्द काम शुरू होगा। कुशेश्वरस्थान थाना भवन का निर्माण चालू है। तिलकेश्वर और नदी थाना भवन का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। कुशेश्वरस्थान दोनों प्रखंड व अंचल कार्यालय के भवन निर्माण की योजना स्वीकृत हुई है। लदहो, सलमगढ़, गोड़ा, इटहर, बलांठ, ठीका तथा गोलमा में पुल निर्माण की स्वीकृति हुई है। इसके अलावा 35 छोटी-बड़ी सड़क निर्माण की योजना को स्वीकृति मिली है। ग्रुप टेंडर के माध्यम से निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा।
अमन भूषण हजारी, विधायक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।