क्रिकेट के मैदान से लेकर गांव की चौपाल तक, छाए रहे वैभव सूर्यवंशी, जश्न में डूबा मिथिलांचल
समस्तीपुर के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर मिथिलांचल को जश्न में डुबो दिया है। उन्होंने 776 रन बनाकर यह उपलब्धि हासिल की ...और पढ़ें

यह तस्वीर जागरण आर्काइव से ली गई है।
संवाद सहयोगी, कुशेश्वरस्थान (दरभंगा) । आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में भले ही राजस्थान रायल्स की टीम खिताबी जंग तक नहीं पहुंच सकी, लेकिन उसके टीम के युवा बल्लेबाज समस्तीपुर जिले के 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के आरेंज कैप जीतने की खबर ने कुशेश्वरस्थान के क्रिकेट प्रेमियों को जश्न मनाने का मौका दे दिया।
सोमवार की रात गुजरात टाइटंस और रायल चैलेंजर्स बेंग्लुरु के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले के दौरान प्रखंड क्षेत्र में लोगों की निगाहें मैच के साथ-साथ आरेंज कैप की दौड़ पर भी टिकी थीं।
दरअसल टूर्नामेंट समाप्त होने तक वैभव सूर्यवंशी 776 रन बनाकर आरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे थे। उनके पीछे गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल 722 रन और सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन 710 रन के साथ मौजूद थे।
फाइनल मुकाबला खेलने के कारण दोनों बल्लेबाजों के पास वैभव को पीछे छोड़ने का मौका था। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें भी बढ़ी हुई थीं। मैच शुरू होते ही प्रखंड क्षेत्र के गांवों, चौक-चौराहों और घरों में लोग टीवी और मोबाइल स्क्रीन से चिपके रहे।
जैसे ही शुभमन गिल और साई सुदर्शन फाइनल मुकाबले में सस्ते में आउट हुए, वैसे ही प्रखंड के विभिन्न गांवों में पटाखों की आवाज गूंजने लगी। क्रिकेट प्रेमियों को भरोसा हो गया कि अब वैभव सूर्यवंशी का आरेंज कैप जीतना तय है।
खेल प्रेमियों ने कहा-मिथिलांचल के लिए गौरव की बात
आईपीएल आयोजकों द्वारा वैभव सूर्यवंशी को आरेंज कैप दिए जाने की आधिकारिक घोषणा होते ही समर्थकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और जमकर आतिशबाजी की।
खबरें और भी
कई जगह युवाओं ने जुलूस निकालकर भी खुशी का इजहार किया। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों का कहना है कि इतनी कम उम्र में आईपीएल जैसे बड़े मंच पर सर्वाधिक रन बनाकर आरेंज कैप जीतना न सिर्फ बिहार, बल्कि पूरे मिथिलांचल के लिए गौरव की बात है।
समस्तीपुर के इस युवा खिलाड़ी की उपलब्धि ने इलाके के हजारों युवाओं को क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की नई प्रेरणा दी है। वैभव सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि की चर्चा पूरे दिन प्रखंड क्षेत्र में होती रही।
चाय की दुकानों से लेकर चौक-चौराहों तक हर जगह क्रिकेट प्रेमी उनके प्रदर्शन और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा करते नजर आए। बिहार के इस उभरते सितारे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर की मोहताज नहीं होती।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।