Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    PM Modi Bihar Visit: सत्य व धर्म का पाठ पढ़ानेवाली भूमि से पीएम मोदी ने की संकल्पों के सिद्ध होने की बात

    Updated: Fri, 18 Jul 2025 02:33 PM (IST)

    PM Modi Bihar Visit पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान आपरेशन सिंदूर की बात की। कहा इसी बिहार की धरती पर आतंकवाद पर प्रहार का संकल्प लिया था और आज पूरी दुनिया आपरेशन सिंदूर क बात कर रही है। देश की सीमाओं की सुरक्षा व अखंडता की बात दोहराई। नक्सलवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का उल्लेख किया।

    Hero Image
    इस खबर में जागरण आर्काइव से ली गई तस्वीर लगाई गई है।

     संजय कुमार उपाध्याय, मोतिहारी (पूर्वी चंपारण)। PM Modi Bihar Visit: पूरी दुनिया को सत्य धर्म का पाठ पढ़ानेवाली सत्याग्रह भूमि पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का खास अंदाज में स्वागत किया गया। ऐतिहासिक गांधी मैदान से शुक्रवार को पीएम मोदी ने संकल्प से सिद्धि तक की बात की।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश की सीमाओं की सुरक्षा व अखंडता की बात की। विकास की बात संग प्रगति पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहे देश की आर्थिकी पर बात की। उन्होंने अपने संबोधन के दौरान उन विषयों पर भी बात की जो बिहार के विकास में सहायक हैं और जिन्होंने बिहार को हमेशा आगे रखा है।

    चंपारण की माटी से बिहार के विकास के संकल्पों को दोहराते हुए रेल व सड़क कनेक्टिविटी की योजनाओं को शुरू करने के अतिरिक्त बिहार की जनता को चार नई ट्रेनों की सौगात भी दी। ग्रामीण विकास, मत्स्य, पशुपालन व डेयरी मंत्रालय से जारी हजारों करोड़ की योजनाओं की आधारशिला रखने के साथ ही कई योजनाओं के पूर्ण होने पर उनका लोकार्पण किया।

    प्रधानमंत्री की यह यात्रा सबसे खास है। यहां जो पंडाल बनाया गया था वह बिहार में अबतक बनाए गए पंडालों में सबसे बड़ा था। लोगों के बैठने की व्यवस्था काफी बेहतर तरीके से की गई थी। गांधी मैदान इस तरह से सजाया गया था कि उसमें सत्याग्रह भूमि की पहचान के साथ ही समग्र बिहार की छवि साफ नजर आ रही थी। यहां बनाए गए ग्रीन रूम के दरवाजों व टेंट पर बिहार की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग मन को लुभा रहा था।

    सभा में पहुंचे मधुबन के शुभेंद्र पांडेय कहते हैं कि यह यात्रा न सिर्फ चंपारण बल्कि बिहार के विकास का वाहक बनने जा रही। पीपराकोठी के संजय कुमार कहते हैं कि मोतिहारी है तैयार। पीपराकोठी आज कृषि तीर्थ बन चुका है। कभी यहां जंगल था और अंग्रेजी जुल्म की निशानियां आज तो किसान व किसानी के लिए यहां सबकुछ है।

    विकास मार्ग में मिले अरेराज के मनोज पांडेय कहते हैं- दुनिया देख रही है न पीएम मोदी की ताकत को। आप भी जरा देख लीजिए। आज से पहले कौन विकास मार्ग को जानता था। आज विकास है तो विकास मार्ग की पहचान है।

    सुगौली के अमरेंद्र कुमार कहते हैं- आपने देखा था आपरेशन सिंदूर को। आज समझ लीजिए- यह यात्रा बिहार के विकास की यात्रा है। पीएम मोदी ने हमेशा संकल्पों की बात की। यहां उनके सिद्ध होने की बात भी कही।

    पूर्वी चंपारण के सांसद सह पूर्व केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री देश के जनप्रिय नेता हैं। आपरेशन सिंदूर के बाद सत्याग्रह भूमि पर पधारे पीएम मोदी को देखने के लिए लोग उत्सुक थे। इस आयोजन से उनकी यह इच्छा पूरी हुई। कार्यक्रम के प्रभारी सह बिहार सरकार नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री जीवेश मिश्रा कहते हैं कि पीएम की सभा को लेकर लोगों के उत्साह को यहां सभी लोगों ने महसूस किया।