Bihar Crime: नवादा की बेटी की गया में हत्या, पति फरार; गर्भवती जेठानी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
Dowry Death खिजरसराय थाना क्षेत्र के मई गांव में हुई वारदात मृतका के भाई ने ससुरालवालों पर दर्ज कराई प्राथमिकी पुलिस को घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त नहीं मिला कोई सामान गर्भवती जेठानी को पुलिस ने किया गिरफ्तार।

संवाद सूत्र, खिजरसराय (गया)। जिले के खिजरसराय थाना क्षेत्र के मई गांव में मंगलवार की रात में विवाहिता प्रियंका कुमारी की हत्या कर दी गई। हत्या के उपरांत शव को ठिकाने लगाने के लिए ससुराल वाले अन्यत्र ले गए हैं। शव कहां जलाया या फिर छिपाया गया, यह अभी स्पष्ट नहीं है। फिलहाल, घर में एक महिला को छोड़ सभी फरार हैं। दो साल पूर्व विवाहिता की शादी हुई थी। उसकी एक बच्ची है। उस बच्ची का भी कोई पता नहीं है।
घटना की जानकारी मृतका के भाई को मंगलवार की रात में मिल गई थी। मायके के लोग आने से पहले फरार हो गए। मृतका का मायका नवादा जिले के अकबरपुर पहाड़पुर गांव में है। मृतका के भाई संजीव कुमार ने खिजरसराय थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने लिखा है कि उसकी बहन की हत्या उसके ससुराल वालों ने दहेज को लेकर कर दी है। शव का पता नहीं है। उन्होंने पति आनंद मोहन समेत सात सदस्यों पर हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
भाई का कहना है कि बहन के ससुराल वाले फ्रिज, एसी व अन्य सामान के साथ नकद रुपये भी मांगते थे। नहीं देने पर उसके साथ हमेशा मारपीट करते थे। इसकी शिकायत पूर्व में कई बार की गई। घटना की सूचना खिजरसराय थाने को दी गई है। पुलिस ने देर रात तक शव खोजने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका। पुलिस को आवेदन देने के बाद जब पुलिस की टीम मई गांव पहुंची तो घर में रही मृतका की जेठानी संध्या कुमारी मौजूद थी। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि संध्या कुमारी गर्भवती है, वह घटना से अनजान थी।
थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि दहेज उत्पीडऩ में प्रियंका की हत्या करने का आरोप लगाया गया है। शव नहीं मिला है। पति समेत ससुराल वाले फरार हैं। घटनास्थल पर महिला पुलिस के सहयोग से छापेमारी की गई। हत्या में प्रयुक्त कोई भी सामान नहीं मिला है। इस कारण से मृतका की गर्भवती जेठानी संध्या कुमारी को गिरफ्तार किया गया है। उसे पूछताछ के बाद बुधवार को जेल भेज दिया गया।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।