Gaya Weather: धूप के बाद भी कनकनी बरकरार, बांका के बाद प्रदेश में सबसे ज्यादा ठंडा रहा गया
बिहार में बुधवार को बांका सबसे ठंडा रहा। जबकि गया ठंड के मामले में दूसरे नंबर पर रहा। जिले में अगले तीन-चार दिनों तक सर्द मौसम के ऐसे ही बने रहने की संभावना है। पछुआ हवा चलने से लगातार तापमान में गिरावट आई है।
जागरण संवाददाता, गया। बिहार में माघ माह की सर्द हवाएं ठिठुरन बढ़ा रही हैं। गया दूसरे दिन यानी बुधवार को भी प्रदेश में सबसे अधिक ठंडा होने के मामले में दूसरे स्थान रहा। ठंड के मामले में बांका पहले स्थान पर रहा। बांका का न्यूनतम तापमान 3.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
गया में बुधवार को न्यूनतम तापमान 3.07 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जिले में सर्द हवाएं आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही हैं। सुबह से धूप निकलने के बाद भी ठंड कम नहीं रही है। धूप निकलने के बाद लोगों ने ठंड से राहत की सांस ली।
जिले में चल रही सर्द हवाओं की वजह से ही तापमान अपने न्यूनतम स्तर की ओर बढ़ा है। वहीं, अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बढ़ती ठंड की वजह से लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हैं। सिर्फ यही नहीं शाम ढलते ही कंपकंपी बराबर बनी रहती है। शहर के दुकानदार शाम को अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
पछुआ हवाओं ने गया के तापमान को गिरा दिया है। दिन में धूप तो रात में न्यूनतम तापमान नीचे आने से ठंडक बढ़ गई है। मानपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डा. जाकिर हुसैन ने कहा कि पछुआ हवाएं लगातार बह रही हैं। हवा की रफ्तार आठ से दस किलोमीटर प्रति घंटा है। अगले दो-तीन दिनों तक ठंड में इजाफा होने के आसार नहीं दिख रहे हैं।