Bihar Teacher: विभाग से लापरवाही करना प्रिसिंपल को पड़ा भारी, डीईओ ने कर दिया सस्पेंड
गोपालगंज के कुचायकोट स्थित एक विद्यालय के प्रधानाध्यापक हरकेश प्रसाद को शैक्षणिक कार्यों में लापरवाही और अधिकारियों के आदेशों का पालन न करने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने निरीक्षण के बाद यह कार्रवाई की। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जांच में विद्यालय में कई अनियमितताएं पाई गईं थी जिसके बाद यह निर्णय लिया गया।

संवादसूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरनइया राजाराम के प्रधानाध्यापक हरकेश प्रसाद को शैक्षणिक गतिविधियों में गंभीर लापरवाही बरतने और पदाधिकारियों के आदेश की अवहेलना के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) योगेश कुमार ने मंगलवार को यह कार्रवाई की। निलंबन के साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच का आदेश भी जारी किया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। उनका निलंबन मुख्यालय प्रखंड संसाधन केंद्र गोपालगंज तय किया गया है।
ज्ञात हो कि प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने 29 जुलाई को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण में विद्यालय में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।
इस दौरान विद्यालय में एक भी छात्र-छात्रा उपस्थित नहीं थे, न ही मध्यान्ह भोजन का संचालन हुआ था। इसके अलावा विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त मिली।
नव पदस्थापित प्रधानाध्यापक प्रेम पुनीता सिंह ने भी हरकेश प्रसाद के खिलाफ लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि विद्यालय का संपूर्ण प्रभार उन्हें नहीं सौंपा गया, जिससे विद्यालय का संचालन बाधित हो रहा है।
इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद डीईओ ने हरकेश प्रसाद को निलंबित करने का निर्णय लिया। जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालयों में शैक्षणिक कार्यों की लापरवाही और आदेशों की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।