मुर्दों ने कब्र और श्मशान से भेजा वोटर रिवीजन फॉर्म! बूथ नंबर के साथ देखें कहां-कहां हो गई भारी गड़बड़ी
जमुई में मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन (Jamui Draft Voter List 2025) के बाद कई खामियां उजागर हुई हैं। मृतकों के नाम भी सूची में पाए गए हैं जिसपर बूथ लेवल अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दावा और आपत्ति की अवधि में सुधार किया जाएगा।

अरविंद कुमार सिंह, जमुई। प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशन (Bihar Voter List Draft 2025) के बाद जगह-जगह से त्रुटियां सामने आने लगी है। कई जगह तो मुर्दों ने भी पुनरीक्षण फॉर्म भर दिए और बूथ लेवल अधिकारी ने उसे सत्यापित कर मतदाता सूची में नाम दर्ज करने की हरी झंडी भी दे दी। नतीजतन, प्रारूप मतदाता सूची में मुर्दों को भी जगह मिल गई। इसके अलावा, दोहरी प्रविष्टि की भी बात सामने आ रही है।
इस तरह का मामला जमुई विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों से सामने आया है। इस मामले को चुनाव आयोग से जमुई पहुंचे विशेष प्रेक्षक भारत खेड़ा के समक्ष भी भाकपा माले के युवा नेता बाबू साहब सिंह ने उठाया है।
इसके बाद विशेष प्रेक्षक ने आपत्ति प्राप्त कर मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं के नाम विलोपित करने की बात तो कही है, लेकिन दोषी लोगों के विरुद्ध क्या कार्रवाई होगी, इसका उन्होंने कोई संकेत नहीं दिया। हालांकि, संबंधित बीएलओ इसे मृत मतदाता के घर वालों की गलती बता रहे हैं।
दर्ज है मरहूम असगर सहित दर्जन भर मृतक के नाम
सदर प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र सं. 85 के क्रम सं. 198 पर अंकित मु. अली जान की पत्नी कौशर खातून की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, लेकिन उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में भी प्रकाशित है। इसी प्रकार आमीन गांव के बूथ सं. 86 के प्रारूप सूची में क्रम सं. 30 पर मरहूम असगर का नाम सूचीबद्ध है।
बरहट प्रखंड अंतर्गत मतदान केंद्र सं. 260 की मतदाता सूची का पहला नाम मृत व्यक्ति की ही है। यहां रफीक मियां के पुत्र इंताज मियां की मृत्यु 2022 में हो गई। फिर भी इनका फॉर्म बूथ लेवल अधिकारी के पास कब्र से कैसे आया, यह बड़ा सवाल है। उक्त बूथ की मतदाता सूची में ही क्रम सं. 03 में अंकित जमीला खातून, 04 में अंकित अबुल मियां तथा 36 पर अंकित मु. शनीफ की भी मृत्यु हो चुकी है।
खैरा प्रखंड अंतर्गत केंडीह गांव निवासी नरसिंह राम समेत आधा दर्जन मुर्दों के नाम मतदाता सूची में सूचीबद्ध हैं। इसके अलावा दोहरी प्रविष्टि की भी शिकायत बाबू साहब सिंह ने की है। मतदान केंद्र सं. 311 की प्रारूप मतदाता सूची में क्रम सं. 484 तथा 612 पर दर्ज क्रमशः फिरोजा खातून तथा मु. इसराइल खान का नाम मतदान केंद्र सं. 308 बल्लोपुर में भी क्रम सं. 39 और 40 पर अंकित है। केंडीह और बल्लोपुर गांव की सीमा एक-दूसरे को छूती है।
इन मुर्दों के नाम मतदाता सूची में अंकित
बूथ सं. | क्रम सं. | नाम | पिता/पति का नाम | गांव |
---|---|---|---|---|
85 | 198 | कोशर खातून | मु. अलीजान | आमीन |
86 | 30 | मु. असगर | मलिक अबुल | आमीन |
260 | 1 | इंताज मियां | मु. रफीक | पेंगही |
260 | 3 | जमीला खातून | इंताज मियां | पेंगही |
260 | 4 | अबुल मियां | रफीक मियां | पेंगही |
260 | 36 | मु. शनीफ | बकरीद मियां | पेंगही |
311 | 401 | शहजा खातून | ताहिर खान | केंडीह |
311 | 442 | मेदून खातून | इदरीश खान | केंडीह |
311 | 530 | नरसिंह राम | लखन राम | केंडीह |
311 | 576 | भाषो राम | तिलो राम | केंडीह |
311 | 580 | विजय कुमार | भाषो राम | केंडीह |
311 | 586 | महादेव राम | शुक्र राम | केंडीह |
02 सितंबर तक दावा और आपत्ति लिए जाने की अवधि निश्चित है। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची में सूचीबद्ध मृत व्यक्ति के परिवार वालों से आपत्ति प्राप्त कर वैसे नामों को अंतिम प्रकाशन में विलोपित किया जाएगा। - सौरव कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी, जमुई
यह प्रारूप मतदाता सूची है। अभी दावा और आपत्ति के साथ साक्ष्य भी लिया जाना है। इसी क्रम में वैसे नाम विलोपित किए जाएंगे। वैसे जमुई जिला में अभी तक किसी भी राजनीतिक दल ने कोई दावा या आपत्ति पेश नहीं किया है। - नवीन, जिला पदाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, जमुई
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।