Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बिहार में छोटे ने बड़े भाई को मारी गोली, छत पर लहराता रहा कट्टा; ड्रोन की मदद से पुलिस ने किया गिरफ्तार

    Updated: Sun, 27 Jul 2025 10:15 PM (IST)

    रामगढ़ में एक चौंकाने वाली घटना में छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मार दी जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घायल को गंभीर हालत में वाराणसी रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपी को हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में भय का माहौल है।

    Hero Image
    पुलिस ने ड्रोन की मदद से की गिरफ्तारी। (जागरण)

    संवाद सूत्र, रामगढ़। रामगढ़ के स्थानीय बाजार में पीएनबी शाखा के पीछे एक गंभीर घटना घटी, जहां बड़े भाई को छोटे भाई ने गोली मार दी। घटना के समय बड़े भाई अखिलेश कुमार राम (43) अपने मकान के पास टहल रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गोली लगने के बाद घायल अखिलेश को उनके परिजनों ने तुरंत रेफरल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।

    चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अत्यंत गंभीर है। यह घटना रविवार की दोपहर के समय हुई। गोली चलाने के बाद, छोटे भाई अंजनी कुमार राम उर्फ साहिल अपने मकान की छत पर जाकर सीढ़ी वाले कमरे में ताला बंद कर लिया।

    छत पर लहराया कट्टा

    सूचना मिलने पर पुलिस ने तुरंत आरोपित के घर को चारों ओर से घेर लिया और उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा। हालांकि, अंजनी ने छत पर कट्टा लेकर काफी देर तक लहराते हुए आत्मसमर्पण नहीं किया। पुलिस ने अंजनी को आत्मसमर्पण करने के लिए डेढ़ घंटे तक प्रयास किया।

    इस दौरान एसडीएम राकेश कुमार और डीएसपी प्रदीप कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गिरफ्तारी की रणनीति बनाने में जुटे रहे। अंततः, पुलिस ने ड्रोन कैमरा मंगवाकर छत पर अंजनी की गतिविधियों की जानकारी ली।

    वीडियो बनाते रहे लोग

    डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद, पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंजनी को गिरफ्तार किया। इस दौरान घटनास्थल पर हजारों लोग इकट्ठा होकर पुलिस कार्रवाई का वीडियो बनाते रहे। गिरफ्तारी के बाद, डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने अंजनी के पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

    उन्होंने कहा कि घटना के कारण का पता पूछताछ के बाद ही चल सकेगा। इस घटना से आसपास के लोगों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। घायल अखिलेश मूल रूप से थाना क्षेत्र के डरवन गांव के इन्द्रासन राम का पुत्र हैं, जो मोहनियां प्रखंड में पंचायत सेवक के पद पर कार्यरत हैं।

    रामगढ़ में उन्होंने अपना मकान बना कर काफी समय से निवास किया था। इस घटना ने स्थानीय समुदाय में चिंता और असुरक्षा की भावना को जन्म दिया है।