Bihar Politics: इस विधानसभा सीट पर जीत किसी की भी हो, राजनीतिक धुरी हमेशा कांग्रेस ही रही
कटिहार के कोढ़ा विधानसभा सीट पर कभी भोला पासवान शास्त्री का दबदबा था जो कांग्रेस की राजनीति का केंद्र रही। यहाँ कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलती है। अब तक हुए चुनावों में कांग्रेस ने सात बार जीत हासिल की है। हाल के वर्षों में भाजपा ने भी तीन बार जीत दर्ज की है। वर्तमान में भाजपा की कविता देवी यहां की विधायक हैं।

आशीष सिंह चिंटू, कटिहार। कभी बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री का चुनाव क्षेत्र रहा कोढ़ा विधानसभा सीट, लंबे समय तक कांग्रेस की राजनीति की धुरी बनी रही है। अब भी यहां कांग्रेस-भाजपा के बीच कांटे की टक्कर चलती रहती है। यहां अब तक हुए 14 विधानसभा चुनावों में सात बार कांग्रेस को जीत मिली, जबकि सात बार वह दूसरे स्थान पर रही।
इससे स्पष्ट है कि चुनावी परिणाम भले किसी के पक्ष में रहे हों, लेकिन कोढ़ा की राजनीति का केंद्र बिंदु कांग्रेस ही रही है। हाल के वर्षों में हालांकि सत्ता के बदलते समीकरणों के बीच भाजपा ने तीन बार जीत दर्ज की है। इसके पहले, 1977 में जनता पार्टी और 1990 व 1995 में जनता दल को जीत मिली थी।
वर्ष 2000 के बाद से यह सीट कभी कांग्रेस, तो कभी भाजपा के पास रही है। वर्तमान में यह सीट भाजपा के पास है और कविता देवी यहां की विधायक हैं।
कोढ़ा विधानसभा सीट की राजनीतिक यात्रा यह बताती है कि मतदाता समय-समय पर बदलाव चाहते हैं, लेकिन कांग्रेस की जड़ें आज भी इस क्षेत्र की राजनीति में गहराई तक मौजूद हैं। आगामी चुनाव में क्या इस परंपरा को कोई चुनौती मिलती है, यह देखना दिलचस्प होगा।
दोहराई गई जीत, केवल दो दलों को मौका:
कोढ़ा के मतदाताओं ने अब तक केवल दो दलों-कांग्रेस व जनता दल को लगातार दो बार जीत का अवसर दिया है। 1980 व 1985 में कांग्रेस के विश्वनाथ ऋषि, 1990 व 1995 में जनता दल के सीताराम दास व 2005 में कांग्रेस की सुनीता देवी ने चुनाव और उपचुनाव दोनों में जीत दर्ज की।
भोला शास्त्री और सीताराम दास को तीन-तीन बार मिला जनादेश:
1967 में कांग्रेस से भोला पासवान शास्त्री पहली बार विधायक बने। 1969 में लोकतांत्रिक कांग्रेस से और 1972 में पुनः कांग्रेस से उन्होंने चुनाव जीता। सीताराम दास ने 1977 में जनता पार्टी से जीत दर्ज की, इसके बाद 1990 और 1995 में जनता दल से विधायक बने।
अब तक के विजयी प्रत्याशी व उनकी पार्टी
वर्ष | विजेता | दल |
---|---|---|
2020 | कविता देवी | भाजपा |
2015 | पूनम कुमारी | कांग्रेस |
2010 | महेश पासवान | भाजपा |
2005 (उप) | सुनीता देवी | कांग्रेस |
2005 | सुनीता देवी | कांग्रेस |
2000 | महेश पासवान | भाजपा |
1995 | सीताराम दास | जनता दल |
1990 | सीताराम दास | जनता दल |
1985 | विश्वनाथ ऋषि | कांग्रेस |
1980 | विश्वनाथ ऋषि | कांग्रेस (आई) |
1977 | सीताराम दास | जनता पार्टी |
1972 | भोला पासवान शास्त्री | कांग्रेस |
1969 | भोला पासवान शास्त्री | लोक तांत्रिक कांग्रेस |
1967 | भोला पासवान शास्त्री | कांग्रेस |
यह भी पढ़ें- Bihar Politics: भाई और पत्नी को भी विधानसभा चुनाव लड़ा सकते हैं मुकेश सहनी, मांझी का दिया उदाहरण
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।