Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Alauli Election 2025 Voting: अलौली में आज हो रहा मतदान, वोटरों की उंगलियों पर स्याही का निशान

    By Upendra Kumar Edited By: Alok Shahi
    Updated: Thu, 06 Nov 2025 04:49 AM (IST)

    Alauli Chunav 2025 Voting: बिहार चुनाव 2025 के पहले चरण में आज गुरुवार, छह नवंबर को खगड़िया जिले के सभी चार विधानसभा क्षेत्र अलौली, परबत्ता, खगड़िया और बेलदौर में मतदान हो रहा है। शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान को लेकर पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। जल और थल दोनों मार्ग से निगरानी रखी जा रही है। दुर्गम- दियारा इलाके पर विशेष नजर है। दियारा इलाके में पुलिस के अश्वारोही दल तैनात किए गए हैं। 

    Hero Image

    Alauli Chunav 2025 Voting: अलौली विधानसभा क्षेत्र में आज वोट डाले जा रहे हैं। यहां बूथों पर शांतिपूर्ण मतदान हो रहा है।

    संवाद सूत्र, जागरण, चौथम (खगड़िया)। Alauli Chunav 2025 Voting आज गुरुवार, छह नवंबर को खगड़िया जिले के सभी चार विधानसभा अलौली, परबत्ता, खगड़िया और बेलदौर में मतदान हो रहा है। शांतिपूर्ण और भयमुक्त मतदान को लेकर पुलिस-प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारी की गई है। जल और थल दोनों मार्ग से निगरानी रखी जा रही है। दुर्गम- दियारा इलाके पर विशेष नजर है। दियारा इलाके में पुलिस के अश्वारोही दल तैनात किए गए हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चौथम बीडीओ रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि, प्रखंड के 70 भवनों में कुल 125 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। एक भवन में एक मतदान केंद्र कक्ष की संख्या 29, एक भवन में दो मतदान केंद्र कक्ष की संख्या 30, आठ भवन में तीन मतदान केंद्र कक्ष की संख्या तीन व तीन भवन में चार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस तरह कुल 70 भवनों में मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

    मतदान को लेकर 13 सेक्टर बनाए गए हैं। प्रखंड के 125 मतदान केंद्रों में 55 अति संवेदनशील घोषित है। मध्य विद्यालय रुपनी में स्थित मतदान केंद्र संख्या- 98 को आदर्श मतदान केंद्र बनाया गया है। थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि, मतदान के दौरान व्यवधान डालने वाले पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। मतदान के दौरान निषेधाज्ञा रहेगा।

    थाना क्षेत्र के आठ सौ अधिक लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 15 लोगों पर सीसीए की कार्रवाई की गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत दियारा में 18 व मानसी थाना क्षेत्र अंतर्गत दियारा में 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। संवेदनशील-अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष टीम की तैनाती की गई है।

    शांतिपूर्ण मतदान को लेकर कई स्तर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान के दौरान क्यूआरटी, स्टेटिक टीम, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट व पेट्रोलिंग पार्टी लगातार गश्त लगाते रहेंगे। मतदान के दौरान दियारा में अश्वारोही दलों द्वारा लगातार गश्ती की जाएगी। कोसी व बागमती नदी में मोटरचालित नाव से गश्ती की जाएगी।

    उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान को लेकर सीएपीएफ की कंपनी को मतदान केंद्रों की ओर रवाना किया गया है। सभी मतदान केंद्र पर विशेष पुलिस बलों को प्रतिनियुक्त किया गया है। बायपास एनएच 107 पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में लगातार सघन वाहन चेकिंग भी की जा रही है। मालूम हो कि चौथम प्रखंड का एक बड़ा हिस्सा कोसी-बागमती दियारा क्षेत्र है। इसमें चार पंचायतें मुख्य रूप से आती हैं। दियारा का एक हिस्सा सहरसा की सीमा से लगा हुआ है।

    शत-प्रतिशत मतदान का है  लक्ष्य

    आज गुरुवार, छह नवंबर को मतदान है। जिला प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत मतदान का है। इसको लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया है। अभियान को देखते हुए नि:संदेह कहा जा सकता है कि, मत प्रतिशत में बढ़ोत्तरी होगी। खगड़िया इस विधानसभा चुनाव में इतिहास रचेगा। प्रबुद्धजनों, स्वीप आइकन आदि ने आज छह नवंबर को मतदान केंद्राें पर पहुंचकर मतदाताओं से मतदान की अपील की है।

    लोकतंत्र की मजबूती हमारे सक्रिय एवं निर्भीक मतदान पर निर्भर करती है। मतदान, प्रत्येक पात्र नागरिक का संवैधानिक अधिकार तथा सामाजिक जिम्मेदारी है। आप सभी जिलावासियों से हार्दिक अपील है कि बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में अपने घरों से निकल कर अधिकतम संख्या में मतदान केंद्र पहुंचें तथा अपने मताधिकार का निडर एवं निष्पक्ष प्रयोग करें। आपका एक-एक मत हमारे जिले एवं देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्धारक है। समाज के प्रत्येक वर्ग युवा, महिला, वरिष्ठ नागरिक सभी से निवेदन है कि स्वयं तो मतदान अवश्य करें, साथ ही अपने स्वजन, पड़ोसी एवं समुदाय के अन्य लोगों को भी मतदान हेतु प्रेरित करें।

    जिले में शत-प्रतिशत मतदान के प्रयास के तहत विभिन्न जागरूकता रैलियां, पोस्टर अभियान तथा सार्वजनिक संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। आइए, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सशक्त बनाएं। सभी नागरिकों से अपेक्षा है कि मतदान दिवस पर अपने घरों से निकलें, निर्भय होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें, तथा खगड़िया को मतदान प्रतिशत में अग्रणी स्थान दिलाने में सहयोग करें। आपके सक्रिय योगदान से ही सशक्त लोकतंत्र की पहचान संभव है। प्रोफेसर (डा )कपिलदेव महतो, प्राचार्य, कोसी कालेज, खगड़िया।

    जरूर करें अपने मताधिकार का प्रयोग

    मतदान सिर्फ कर्तव्य नहीं, देश के भविष्य की दिशा है। छह नवंबर को प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करना चाहिए। मतदान केवल एक प्रक्रिया नहीं, यह वह शक्ति है जिससे हम अपने और अपने समाज के भविष्य की दिशा तय करते हैं। एक वोट बदलाव ला सकता है, इसलिए हर नागरिक का मतदान करना उतना ही आवश्यक है जितना सांस लेना। युवाओं और महिलाओं से विशेष रूप से अपील है कि, वे मतदान के प्रति जिम्मेदारी महसूस करें और अपने वोट के माध्यम से लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।

    वोट देना हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में हमारी भागीदारी का प्रतीक है। जब हम वोट करते हैं, तभी लोकतंत्र जीवंत रहता है। हर व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि किसी भी सरकार या व्यवस्था की ताकत जनता के हाथ में होती है, और वह ताकत केवल मतदान से व्यक्त होती है। एक वोट का मतलब है- अपनी आवाज उठाना, अपने विचार रखना, और अपने राज्य को बेहतर बनाना। जो वोट नहीं देता, वह बदलाव का हिस्सा नहीं बनता। ‘छह नवंबर लोकतंत्र का त्योहार, चलें सब मतदान के द्वार!’ ‘हर हाथ पर स्याही का निशान, यही है गौरव, यही है पहचान!’ इस चुनाव में खगड़िया जिले के लोग एकजुट होकर मतदान करें, ताकि जिले का नाम राज्य में ‘अधिकतम मतदान’ के लिए दर्ज हो सके। श्रेया त्यागी, स्वीप आइकान, खगड़िया।

    एक-एक वोट ने चुनाव के परिणाम बदल दिए

    मतदान का अधिकार लोकतंत्र का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। एक शिक्षाविद के रूप में मेरा मानना है कि यह अधिकार केवल कागजों पर दर्ज नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका वास्तविक प्रयोग करना हर नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। आइए, छह नवंबर को अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचे और इवीएम का बटन दबाएं। एक-एक वोट का महत्व है। एक वोट से तस्वीर बदल सकती है। मतदान के माध्यम से हम न केवल अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुनते हैं, बल्कि देश की दिशा और नीति निर्माण में सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित करते हैं। शिक्षा हमें यह समझाती है कि हर वोट महत्वपूर्ण है।

    इतिहास में कई उदाहरण हैं- जहां एक-एक वोट ने चुनाव के परिणाम बदल दिए। यदि हम अपने अधिकार का प्रयोग नहीं करते हैं, तो हम अपनी आवाज और शक्ति को खो देते हैं। इसके अलावा, मतदान समाज में जिम्मेदारी, जागरूकता और समानता की भावना को भी बढ़ावा देता है। युवा पीढ़ी के लिए यह और भी महत्वपूर्ण है। आज की शिक्षा हमें यह सिखाती है कि केवल अधिकार होने भर से काम नहीं चलता, उसका प्रयोग करना भी जरूरी है।

    जब शिक्षित नागरिक सक्रिय रूप से मतदान करते हैं, तो भ्रष्टाचार और असमानता जैसी समस्याओं को कम करने में मदद मिलती है। मेरा यह कहना है कि मतदान के अधिकार का प्रयोग करना न केवल हमारी जिम्मेदारी है, बल्कि यह देश के लोकतांत्रिक भविष्य को मजबूत करने का भी मार्ग है। हर नागरिक को सजग होकर अपने मताधिकार का उपयोग करना चाहिए। प्रभाकर झा प्रभात, अध्यक्ष, प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, खगड़िया।